वादे पूरे करने में अखिलेश यादव को चाहिये 2 साल

शिवपाल यादव ने कहा कि सरकार ने दसवीं पास छात्र-छात्राओं को मुफ्त टैबलेट और 12वीं पास को लैपटाप बांटने की योजना से संबंधित नियमावली को मंजूरी दे दी है। उन्होंने कहा कि किसानों को मुफ्त बिजली व सिंचाई के बारे में संसाधन जुटाये जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि अधिकारियों को जनता के प्रति उत्तरदायी बनना होगा तभी प्रदेशवासियों की समस्याओं का समाधान होगा। शिवपाल यादव ने कहा कि जल्द ही प्रदेश की सड़के गड्ढा मुक्त होगी, इसके लिए कार्य जारी है। वहीं नहरों की सफाई भी साल में दो बार की जायेगी। प्रदेश में मृतप्राय: हो चुके सरकारी बैंकों को ऋण देकर उन्हें पुनर्जीवित किया जायेगा।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार गन्ना की पैदावार भी बढ़ाने का प्रयास करायेगी और गन्ने का खरीद मूल्य भी बढ़ाया जायेगा। सहकारी बैंकों की दुर्दशा के लिए उन्होंने बसपा शासनकाल को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि बसपा सरकार के दौरान प्रदेश की 21 सरकारी व सहकारी क्षेत्र की चीनी मिलों को औने पौने दामों में बेचे जाने की सरकार जांच करायेगी। उनका कहना है कि प्रदेश की 21 चीनी मिलों को बसपा सरकार के समय बेचा गया था। शिवपाल यादव ने कहा कि इसमें 11 मिलें बन्द थीं और दस चालू हालत में थीं।
इन्हें चलाने की कोशिश होनी चाहिये थी, मगर कुछ निजी लोगों को लाभ पहुंचाने और भारी कमीशन खोरी के लिये इन बेशकीमती मिलों को बेच दिया गया। उन्होंने कहा कि पिछली सरकार में अधिकारियों ने भी जमकर बेइमानी की लेकिन इस सरकार में किसी भी प्रकार की लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों व कर्मचारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जायेगी।












Click it and Unblock the Notifications