रक्षा मंत्रालय ने टाट्रा प्रमुख नटराजन को किया सस्पेंड

रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता सीतांशु कार ने बताया कि सरकार ने सीबीआई की इस सिफारिश के बाद बीईएमएल के मुख्य प्रबंध निदेशक को निलंबित कर दिया कि उचित जांच सुनिश्चित करने के लिए उन्हें पद से दूर रखा जाना चाहिए। सीबीआई वर्तमान में नटराजन के खिलाफ विभिन्न आरोपों की जांच कर रही है।' उन्होंने कहा, ‘मुख्य प्रबंध निदेशक का प्रभार बीईएमएल के सबसे वरिष्ठ संचालन निदेशक पी. द्वारकानाथ को सौंपा गया है।'
आपको बता दें कि रक्षा मंत्रालय ने पूर्व सेना प्रमुख जनरल वीके सिंह को कानूनी नोटिस भेजने पर बीईएमएल के प्रमुख वीआरएस नटराजन से बुधवार को सफाई मांगी थी। नटराजन ने टाट्रा ट्रक मामले में बीईएमएल के खिलाफ सिंह की टिप्पणी को अपमानजनक बताते हुए उनसे माफी मांगने को कहा था। गौरतलब है कि करीब दो साल तक सेना प्रमुख के पद पर रहने के बाद 31 मई को सेवानिवृत्त हुए जनरल सिंह ने मार्च में आरोप लगाया था कि उन्हें एक पूर्व अधिकारी ने बीईएमएल के लिए 600 टाट्रा ट्रकों की आपूर्ति को मंजूरी देने के लिए 14 करोड़ रुपये की रिश्वत की पेशकश की थी। सीबीआई मामले की जांच कर रही है।












Click it and Unblock the Notifications