टीम अन्ना की बैठक में नहीं शामिल होंगे प्रशांत भूषण

आपको बता दें कि टीम अन्ना की ओर से प्रधानमंत्री और 14 अन्य मंत्रियों को निशाना बनाए जाने के बाद आज कोर कमेटी की पहली बैठक होने जा रही है। पिछले कुछ दिनों के दौरान इस संबंध में टीम अन्ना में काफी मतभेद सामने आ चुके हैं। कोर कमेटी के सदस्य और कर्नाटक के पूर्व लोकायुक्त संतोष हेगड़े खुद इन आरोपों से खुद को अलग कर चुके हैं। जबकि, टीम के वरिष्ठ सदस्य शांति भूषण ने कहा था कि वे हेगड़े को सारे तथ्य और सबूत दिखाएंगे।
उन्होंने यह उम्मीद भी जताई थी कि इसके बाद हेगड़े सहमत हो जाएंगे। पर सूत्र बता रहे है कि पीएम और अन्य मंत्रियों पर आरोप जड़ने वाले प्रशांत भूषण देश से बाहर हैं इसलिए वे बैठक में शामिल नहीं हो रहे हैं। सूत्रों ने बताया कि आज की बैठक में प्रधानमंत्री पर निशाना साधने पर भी चर्चा किए जाने की संभावना है। बैठक में 25 जुलाई से प्रस्तावित अनिश्चतकालीन अनशन को लेकर भी आगे की रणनीति बनाई जाएगी। टीम अन्ना ने पिछले दिनों ऐलान किया था कि प्रधानमंत्री सहित कैबिनेट के 15 सदस्यों के खिलाफ भ्रष्टाचार के आरोपों की जांच के लिए कदम नहीं उठाया गया तो 25 जुलाई से अनिश्चितकालीन अनशन किया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications