भारत पहुंची हिलेरी क्लिंटन, परमाणु करार व खुदरा नीति पर होगी बातचीत

हिलेरी जब यहां विदेश मंत्री एसएम कृष्णा से मुलाकात करेंगी तो दोनों के बीच असैन्य परमाणु करार, क्षेत्रीय सुरक्षा एवं ईरान जैसे प्रमुख मुद्दे बातचीत के लिए आ सकते हैं। हिलेरी क्लिंटन अपने तीन देशों के एशियाई दौरे के अंतिम चरण में आज बांग्लादेश से कोलकाता पहुंचेंगी जहां वह पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के साथ बातचीत करेंगी।
सोमवार को वह दिल्ली पहुंचेंगी। राष्ट्रीय राजधानी में अपनी यात्रा के दौरान वह कृष्णा से बातचीत के अलावा प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह से भी मुलाकात कर सकती हैं। इस दौरान वे 13 जून को वाशिंगटन में आयोजित होने वाले भारत-अमेरिका रणनीतिक वार्ता से पहले दोनों देशों की रणनीतिक साझेदारी में हुई प्रगति की समीक्षा भी करेंगे।
हिलेरी और भारतीय नेताओं की मुलाकात को महत्वपूर्ण माना जा रहा है क्योंकि ये चीन में अमेरिकी विदेश मंत्री की उच्चस्तरीय वार्ताओं के तत्काल बाद और शिकागो में नाटो शिखर सम्मेलन से पहले होने जा रही हैं। एक आधिकारिक सूत्र ने यहां कहा, भारत-अमेरिका की साझेदारी से संबंधित सभी मुद्दों के अलावा द्विपक्षीय रिश्तों पर बातचीत की जाएगी। सूत्रों ने कहा कि दोनों पक्ष असैन्य परमाणु करार और क्षेत्रीय सुरक्षा के हालात पर चर्चा करेंगे। भारत सरकार अफगानिस्तान के आर्थिक विकास पर बातचीत के लिए यहां प्रस्तावित क्षेत्रीय निवेशक सम्मेलन पर अमेरिकी मंत्री को जानकारी दे सकती है।
ईरान के मसले पर अमेरिका और भारत का पक्ष समान होने का दावा करते हुए सूत्रों ने कहा कि दोनों पक्ष इस विषय पर विचार विमर्श कर सकते हैं और एक दूसरे के रुख को सामने रख सकते हैं। ईरान पर परमाणु पाबंदियां लगाने वाला अमेरिका भारत से कहता रहा है कि वह ईरान से अपने कच्चे तेल के आयात पर रोक लगाये। हालांकि भारत का कहना है कि वह केवल अमेरिका द्वारा लागू पाबंदियों को मंजूर करता है लेकिन एकपक्षीय प्रतिबंधों को स्वीकार नहीं करेगा।
अमेरिका प्रशासन में वरिष्ठ अधिकारियों ने कहा कि हिलेरी क्लिंटन और ममता बनर्जी के बीच भारत-बांग्लादेश संबंधों तथा व्यापार पर बातचीत हो सकती है। वे भारत-बांग्लादेश तीस्ता जल संधि पर भी बात कर सकते हैं जिस पर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री विरोध जताती रहीं हैं। मल्टी-ब्रांड क्षेत्र में विदेशी प्रत्यक्ष निवेश (एफडीआई) के मुद्दे तथा अन्य आर्थिक सुधारों पर भी विचार विमर्श किया जा सकता है।












Click it and Unblock the Notifications