नरेंद्र मोदी की ट्वीट एक्सप्रेस पर 6 लाख फॉलोवर्स

ट्विटर पर दौड़ रही मोदी एक्सप्रेस ने पांच लाख फॉलोवर्स का स्टेशन पिछली गत 4 मार्च को पार किया था। यानी दो महीने से कम समय में उनके फॉलोवर्स की संख्या में एक लाख का इजाफा हुआ। सच पूछिए तो यह इजाफा सिर्फ देश में ही नहीं दुनिया भर में मोदी की चर्चा के कारण हुआ।
हाल ही में विश्व प्रसिद्ध टाइम पत्रिका ने नरेंद्र मोदी को कवर पेज पर प्रकाशित किया। अगर भारतीयों की बात करें तो इससे पहले महात्मा गांधी, सरदार पटेल और लाल बहादुर शास्त्री जैसे लोगों को इसमें शामिल किया जा चुका है। खास बात यह है कि मोदी भारत के एक मात्र मुख्यमंत्री व भाजपा के पहले नेता हैं, जिन्हें टाइम पत्रिका ने कवर पर प्रकाशित किया। और तो और जिस समय टाइम ने मोदी पर कवर स्टोरी प्रकाशित की, उसी समय अमेरिका के थिंक टैंक के सदस्य संस्थान में से एक ब्रूकिंग संस्थान ने विलियम एंथोलिस द्वारा लिखित एक स्टोरी प्रकाशित की जो मोदी और गुजरात पर आधारित थी। लेख में गुजरात के विकास की गति की सराहना की गई।
इतनी व्यस्तता के बावजूद पिछले महीने मोदी ने गुजरात के 65,000 युवाओं को नौकरी के ज्वाइनिंग लेटर सौंपे। मौका था स्वामी विवेकानंद युवा सप्ताह का। इंडस्ट्रियल ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट (आईटीआई) से इतनी भारी संख्या में रोजगार दिये जाने की बात इससे पहले कभी नहीं सुनी गई थी।
पिछले महीने गुजरात ने 600 मेगावॉट के सोलर पावर स्टेशन को देश को समर्पित कर इतिहास रच दिया। यही नहीं गुजरात ने भारत के पहले 1 मेगावॉट कैनाल टॉप सोलर पावर प्रोजेक्ट को भी राष्ट्र को समर्पित किया। अब राज्य नहरों में बहने वाले पानी से बिजली बनाने पर काम कर रहा है। ऊर्जा के क्षेत्र में इस कार्य से न केवल करोड़ों लीटर पानी बचेगा, बल्कि कई हेक्टेयर भूमि भी बचेगी।
एक मई को गुजरात दिवस के मौके पर मोदी ने अहमदाबाद में पहले राष्ट्रीय पुस्ताक मेला का उद्घाटन किया और उसे महा गुजरात क्रांति के शूर इंदुलाल यागनिक को श्रद्धांजलि अर्पित की।
इसीलिये, लगातार लोगों के संपर्क में बने रहने की वजह से साइबर वर्ल्ड यानी इंटरनेट पर भी लोग मोदी से जुड़ते जा रहे हैं। मोदी की वेबसाइट भी अब राज्य पर स्वस्थ्य विचार रखने, चर्चा करने व ताज़ा खबरों का एक मंच बन गई है।
यह सब संभव इसलिए हुआ क्योंकि मोदी यह मानते हैं कि तकनीकि पर विश्वास करने से ही तरक्की मिलेगी। सिर्फ वही नहीं बल्कि गुजरात सरकार भी ताज़ा तकनीकियों से लैस होती जा रही है। उन्हें कंप्यूटर सोसाइटी ऑफ इंडिया की ओर से ई-रत्न अवार्ड से नवाजा जा चुका है। यही नहीं उनके मुख्यमंत्री कार्यालय को बेस्ट गवर्नमेंट टू सिटीजेन इनिशिएटिव अवार्ड से भी नवाजा जा चुका है। इसके अलावा सीएसआई निलिलेंट ई-गवर्नेन्स आवार्ड 2011 में उन्हें अवार्ड ऑफ एक्सीलेंस-डिपार्टमेंटल लेवल दिया जा चुका है।
यही सब कारण है कि आज के ज्यादातर युवा सोशल मीडिया के माध्यम से नरेंद्र मोदी से जुड़ना चाहते हैं। खास बात यह है कि यह संचार एक तरफा नहीं है, बल्कि मोदी भी अपने फॉलोवर्स को फॉलो करते हैं और उनकी प्रतिक्रियाओं का जवाब देते हैं।












Click it and Unblock the Notifications