रामदेव-अन्ना ने किया एक होकर जंग लड़ने का ऐलान

दोनों ने कहा कि इस लड़ाई की अगली कड़ी 3 जून को राजधानी दिल्ली में एक सांकेतिक धरने से शुरू होगी। अन्ना ने कहा कि जब तक जन लोकपाल बिल नहीं आ जाता तब तक उनकी लड़ाई जारी रहेगी। इस लड़ाई में हर तरह के लोगों को जोड़ा जायेगा। हालांकि उन्होंने बीच में निर्मल बाबा के नाम पर चुटकी लेते हुए कहा कि आंदोलन में उनके जैसे बाबाओं की जरूरत नहीं है। अन्ना ने कहा कि सरकार ने हमेशा उन्हें धोखा दिया है और वो इस धोखे को बर्दाश्त नहीं करेंगे। अंत में उन्होंने कहा कि उनकी तबियत ज्यादा ठीक नहीं है, लिहाजा वो ज्यादा कुछ नहीं कहेंगे।
बाबा रामदेव ने मीडिया से कहा कि किसी भी हाल में विदेशी बैंकों में जमा काला धन वापस लाना ही होगा। अगर इसके लिए सरकार पर निर्भर रहे तो कुछ हासिल नहीं होने वाला। सरकार इस मामले में हाथ पर हाथ धरे बैठे रहेगी और जनता मुंह ताकती रहेगी।
इशारों-इशारों में बाबा रामदेव ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को आंदोलन से जोड़ने की बात कही। उन्होंने कहा कि जिन राज्यों में समाजवादी विचारधारा के नेता हैं उन्हें हम इस आंदोलन से जोड़ेंगे। इससे यह साफ हो रहा है कि बाबा कहीं न कहीं चाहते हैं कि मुलायम की पार्टी केंद्र सरकार के करीब कतई न जाये।












Click it and Unblock the Notifications