दिल्ली, उत्तर भारत में आंधी-पानी के आसार

मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर भारत में एक थंडर एक्टिविटी बन सकती है। इससे तेज हवा के साथ हल्की वर्षा की संभावना बन रही है। इस दौरान आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और रविवार तक यह सिलसिला चलता रहेगा। राष्ट्रीय मध्यम अवधि मौसम पूर्वानुमान केंद्र के मौसम विशेषज्ञों के अनुसार बृहस्पतिवार तक दिन में आसमान साफ रहेगा और शाम को थंडर स्ट्रॉम बन सकते हैं। इस दौरान शाम को गर्जन वाले बादल बनेंगे और अंधड़ आने की संभावना बनेगी।
सोमवार रात हल्की वर्षा के बाद आई तेज आंधी के बाद मंगलवार सुबह से ही आसमान साफ रहा। इससे 24 घंटों में अधिकतम तापमान में कमी आई। अधिकतम तापमान 32.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो कि सामान्य से चार डिग्री कम रहा। वहीं, न्यूनतम तापमान 19.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इस दौरान सुबह और शाम को ठंडी हवाएं चलीं। जिससे शहरवासियों को अधिक गर्मी से राहत मिली। मंगलवार को अधिकतम आर्द्रता 67 फीसदी और न्यूनतम आर्द्रता 32 फीसदी दर्ज की गई। अगले दो दिनों में 34 से 36 डिग्री सेल्सियस तक अधिकतम तापमान रहने का अनुमान है। वहीं, न्यूनतम तापमान 20 से 21 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।
इस सप्ताह वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के कारण होनेवाली बारिश से जरुर तापमान कम हो जाएगा, लेकिन यह किसानों के लिए अच्छी खबर नहीं है। गेहूं की फसल तैयार है । इस बारिश से फसल को भारी नुकसान पहुंचने का अंदेशा है। पिछले दिनों हुई बारिश से किसानों को काफी नुकसान हुआ था।












Click it and Unblock the Notifications