बाल कल्याण संस्था में बच्चों की खरीद-फरोख्त

यह घटना प्रदेश के ज्योतिबाफूलेनगर की है जहां अनाथ बच्चों की देख रेख करने वाली संस्था बाल कल्याण समिति के सदस्य उमर कुरैशी को सरकारी अस्पतालों में बच्चों की खरीद-फरोख्त में लिप्त पाये जाने पर उसके खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। इस मामले में एक डाक्टर की सेवा समाप्ति के साथ ही दो कर्मियों को भी निलंबित कर दिया गया है।
जिले में अनाथ, उपेक्षित और नि:सहाय बच्चों की देखरेख के लिये बात कल्याण समिति गठित की गयी है। इसी समिति के सदस्य डा. कुरेशी पर जब एक न्यूज चैनल ने जिले में खरीद फरोख्त का स्टिंग आपरेशन कर खुलासा किया तो लोग सकते में आ गये। चैनल ने जिले के अमरोहा एवं जोया स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पर स्टिंग आपरेशन किया जिसके तहत इन अस्पतालों में नवजात शिशुओं का पन्द्रह से बीस हजार में सौदा किया जाता है।
इस कड़ी का सरगना जिले में गठित बाल कल्याण समिति का सदस्य उमर कुरैशी निकला। राज्य सरकार ने इस मामले को संज्ञान लेते हुए देर रात त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिये जिसके तहत संविदा पर तैनात डा. सुरभि अग्रवाल की सेवा समाप्त कर दी गयी तथा दाई दया पीटर एवं वार्ड ब्वाय जयपाल को निलंबित कर दिया गया। संविदा पर रखी गयी लैब टेक्निशियन शशि की सेवा भी समाप्त कर दी गयी है।
बहरहाल इस मामले में अभी बाल कल्याण समिति के सदस्य डा. कुरैशी समेत पांच दोषियों के विरुद्ध स्थानीय कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज की गयी है। वहीं इस प्रकरण की उच्चस्तरीय जांच के लिये समिति गठित की है।












Click it and Unblock the Notifications