निर्मल बाबा के भक्तों, विरोधियों में 'ट्वीट फाइट'

हर एक मिनट में निर्मल बाबा से जुड़े दो से पांच ट्वीट इंटरनेट पर अपलोड हो रहे हैं। यूं कहिये कि उनके भक्तों और विरोधियों में जंग छिड़ गई है। इनमें ज्यादा तर ट्वीट्स में लोग बाबा के खिलाफ अपनी भड़ास निकालते दिख रहे हैं, हालांकि कई ऐसे भी हैं जो बाबा के प्रति आस्था बनाये रखने की अपील कर रहे हैं। हम आपको दिखायेंगे कुछ ट्वीट्स की झलकियां जिन्हें पढ़ कर आप खुद तय कर सकते हैं कि बाबा के प्रति आस्था घटी है या बढ़ी।
हम शुरुआत कर रहे हैं फिल्म अभिनेता कमाल शीद खान के ट्वीट के साथ, जिसमें उन्होंने इस मामले में उन टीवी चैनलों को बराबर का दोषी ठहराया है, जो उनके विज्ञापन प्रसारित कर रहे हैं। केआरके ने आगे लिखा कि भारत में निर्मल बाबा जैसे लोगों को सफलता इसलिए मिलती है, क्योंकि हर गरीब , बिना कुछ जतन किये अमीर बनना चाहता है, अपनी हर समस्या का समाधान चाहता है।
अभिजीत मजुमदार लिखते हैं कि अब आईआईएम को मास्टर इन गॉड बिजनेस का पाठ्यक्रम शुरू करना चाहिये, जो निर्मल बाबा जैसे उद्यमि पैदा करेगा।
मिनिस्टर इंडिया ट्वीट करते हैं कि करोड़ों भक्तों को देखते हुए साफ है कि निर्मल बाबा की विज्ञापन नीति काफी सफल रही है।
काला कुत्ता नाम के व्यक्ति ने ट्वीट किया है, टीवी चैनलों को देसी निर्मल बाबा से प्रॉबलम है, उनसे नहीं जो स्विस बैंक में पैसा जमा कर रहे हैं।
रोहित रॉय लिखते हैं कि मीडिया ने तब क्यों नहीं सवाल उठाये थे जब निर्मल बाबा के समागम शुरू हुए थे, अब इस तरह से ढिंढोरा पीटना गलत है।
भक्तों के ट्वीट्स
निर्मल बाबा की भक्त सुनैना लिखती हैं जो लोग रत्न, ताबीज़ और ऊँ हीं फट आदि से जंतर-मंतर का बिजनेस करते हैं उन्हें निर्मल बाबा से ज्यादा समस्या है। निर्मल बाबा द्वारा बताये जाने वाले हल तंत्र-मंत्र नहीं होते।
वहीं रशील नायक कहते हैं कि हो न हो निर्मल बाबा में कोई न कोई शक्ति जरूर है।
पोर्श गाई लिखते हैं मुझे अंग्रेजी मीडिया ज्यादा अच्छा लगा, जो शाहरुख खान की बात कर रहा है, वहीं हिन्दी मीडिया निर्मल बाबा के पीछे पड़ गया है।
निर्मल बाबा के भक्त रवि सिंह लिखते हैं कि बाबा को परेशान मत करो।
चंद्रशेखर लिखते हैं कि बाबा रामदेव और निर्मल बाबा दोनों के समागम या कैम्प में पहली, दूसरी और तीसरी लाइन के लिए भारी कीमत चुकानी पड़ती है। मीडिया निर्मल बाबा की टांग खींच रहा है, बाबा रामदेव की क्यों नहीं।
ट्विटर पर निर्मल बाबा की अपील
बाबा ने अपने ऑफीशियल ट्विटर अकाउंट के माध्यम से लिखा है कि लोग उनकी छवि को धूमिल करना चाहते हैं। उन पर विश्वास मत करें। सभी भक्त संयम रखें और शांति बनाये रखें।
बाबा ने टीवी चैनलों की खबरों को भ्रामक करार देते हुए कहा कि लोग उनकी छवि खराब करना चाहते हैं।












Click it and Unblock the Notifications