कड़ी सुरक्षा के बीच एमसीडी चुनाव में मतदान जारी

Polling
नयी दिल्ली। दिल्ली नगर निगम चुनावों के लिए आज सुबह कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान शुरू हो गया । दिल्ली नगर निगम के तीन निकायों...पूर्वी, दक्षिण और उत्तरी के 272 वार्डों के लिए 2423 उम्मीदवार किस्मत आजमा रहे हैं। मतदान सुबह आठ बजे शुरू हुआ और शाम साढ़े पांच बजे तक चलेगा। मतगणना मंगलवार को होगी।

नगर निगम चुनाव में कुल एक करोड़ 15 लाख मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे । उत्तरी दिल्ली नगर निगम में जहां 42 लाख 95 हजार मतदाता हैं, वहीं दक्षिणी दिल्ली नगर निगम में 42 लाख 67 हजार मतदाता हैं। पूर्वी दिल्ली नगर निगम में मतदाताओं की संख्या 27 लाख 16 हजार है। उत्तरी दिल्ली में 104 वार्ड हैं तथा दक्षिणी दिल्ली के वार्डों की संख्या भी 104 है। पूर्वी दिल्ली में 64 वार्ड हैं। 138 सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित हैं। दक्षिणी दिल्ली में 904 के आंकड़े के साथ सर्वाधिक उम्मीदवार हैं। उत्तरी दिल्ली में 885 और पूर्वी दिल्ली में 634 उम्मीदवार मैदान में हैं।

नगर निगम चुनावों को मुख्यमंत्री शीला दीक्षित और कांग्रेस के लिए काफी अहम माना जा रहा है क्योंकि विपक्षी भाजपा के नेताओं का मानना है कि इनका परिणाम 18 महीने बाद होने वाले विधानसभा चुनाव के नतीजों का संकेत हो सकते हैं। अविभाजित दिल्ली नगर निगम में भाजपा के पार्षदों की संख्या 164 है। कांग्रेस के 67 और बसपा के 17 पार्षद हैं। भाजपा शीला सरकार पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाती रही है, जबकि कांग्रेस दिल्ली नगर निगम में भाजपा पर अक्षम और भ्रष्ट प्रशासन होने का आरोप लगाती आई है।

सुरक्षा में 83 हजार जवान

चुनावों से पहले भाजपा को उस समय परेशानी का सामना करना पड़ा जब इसके उम्मीदवारों में से एक, वर्तमान पार्षद को एक पार्टी कार्यकर्ता की हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया। पार्षद माधव प्रसाद को हालांकि, कल जमानत मिल गई। राज्य चुनाव आयोग ने आज के मतदान के लिए व्यापक प्रबंध किए हैं। मतदान के लिए करीब 77,000 अधिकारी और सुरक्षा की जिम्मेदारी संभालने के लिए 83 हजार से अधिक सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं।

कुल 11 हजार 543 मतदान केंद्रों में से 55 की पहचान अत्यधिक संवेदनशील के रूप में की गई है, जबकि 275 केंद्रों को संवेदनशील घोषित किया गया है। अत्यधिक संवेदनशील और संवेदनशील मतदान केंद्रों की सबसे ज्यादा संख्या जामिया नगर, चांदनी चौक और सीलमपुर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में है। हालांकि मुख्य मुकाबला भाजपा और कांग्रेस के बीच है, लेकिन समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी जैसे छोटे दलों ने इनकी नींद उड़ा रखी है। जाकिर नगर में रोचक मुकाबला है जहां आतंकवाद का आरोपी जिया उर रहमान जेल से ही चुनाव लड़ रहा है। उसके परिवार के सदस्य और समर्थकों ने उसकी ओर से प्रचार किया।

103 करोड़पति उम्‍मीदवार

एसोसिएशन ऑफ डेमोक्रेटिक रिफॉम्र्स :एडीआर: के अनुमान के मुताबिक भाजपा ने सर्वाधिक 39 आपराधिक पृष्ठभूमि के उम्मीदवारों को चुनाव मैदान उतारा है। इस मामले में कांग्रेस दूसरे नंबर पर है और इसने आपराधिक पृष्ठभूमि के 28 उम्मीदवारों को टिकट दिया है। संपत्ति के मामले में कांग्रेस ने सर्वाधिक 116 करोड़पतियों को चुनाव मैदान में उतारा है, जबकि भाजपा में करोड़पति उम्मीदवारों की संख्या 103 है।

चुनाव मैदान में कुल 342 करोड़पति उम्मीदवार हैं। इस सूची में शीर्ष स्थान पंजाबी बाग वार्ड से भाजपा उम्मीदवार सतविंदर कौर सिरसा का है। उनके पास 112 करोड़ रुपये की संपत्ति है। दूसरे स्थान पर भाजपा उम्मीदवार करुणा भल्ला हैं जो ख्याला से चुनाव मैदान में हैं। उनके पास 50 करोड़ रुपये की संपत्ति है।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+