नेता बनना है तो करिये राजनीति का "क्रैश कोर्स"

उत्तर प्रदेश की राजनीति में युवाओं के बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने के बाद अधिकांश अपने में राहुल गांधी, अखिलेश यादव व जयंत चौधरी जैसे युवा नेता की छवि तलाशने लगे हैं। ऐसे युवा जो राजनीति में आना तो चाहते हैं पर राजनीति के गुर नहीं जानते। ऐसे युवाओं की मंशा को भांपते हुए उनके लिए लखनऊ की एक स्वयंसेवी संस्था छह महीने का कोर्स शुरू कर रही है जिसमें नेता बनाने की कक्षाएं चलेंगी।
प्रशिक्षु नेताओं की कक्षायें स्थापित नेता लिया करेंगे। इसके संचालक विभूति आर आचार्य का कहना है कि नेतृत्व क्षमता के विकास के नाम पर बाजार में कई कोर्स चल रहे हैं लेकिन यह अपनी तरह का इकलौता पाठयक्रम है। उनका दावा है कि यह प्रशिक्षण राजनीति में करियर बनाने में युवाओं की काफी मदद करेगा। युवाओं को राजनीति का वास्तविक अनुभव हो इसके लिए काफी मशक्कत करके इसका पाठ्यक्रम तैयार किया गया है।
पाठ्यक्रम में प्रचार, भाषण, गुटबाजी व मीडिया से बातचीत जैसे विषयों को रखा गया है। प्रशिक्षण लेने वालों के लिए यह भी व्यवस्था होगी कि वह अपने पसंदीदा नेता के साथ प्रशिक्षण ले सके। इस कोर्स में भर्ती मई माह के प्रथम सप्ताह से शुरू होगी। न्यूनतम योग्यता स्नातक निर्धारित की गई है। यह पाठ्यक्रम ऐसा है जिसमें अन्य व्यावसायिक कोर्स की तरह यहां प्लेसमेंट नहीं होगा।
मतलब यह है कि कोर्स के बाद विधायक और सांसद तैयार नहीं किए जाएंगे सिर्फ उन्हें राजनीति में आने पर काम करने की दक्षता प्रदान की जायेगी। आमतौर पर घरों में माता पिता भी बच्चों को इससे दूर रहने की सलाह देते हैं लेकिन इस कोर्स के शुरू होने से ऐसे युवाओं को फायदा होगा जो कालेज और छोटे स्तर पर राजनीति तो करते हैं लेकिन आगे कैसे बढ़े यह नहीं जानते।












Click it and Unblock the Notifications