दिल्ली में आज भी आ सकती है तेज़ आंधी

मंगलवार शाम शहर में चली धूल भरी आंधी ने दिल्ली और नोएडा शहर को अस्त व्यस्त कर दिया। शाम करीब पांच बजे अचानक वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के असर और हरियाणा की ओर से बने चक्रवात ने शहर को अपनी चपेट में ले लिया। एकाएक चली धूलभरी आंधी में दफ्तरों और फैक्टिरयों से अपने घरों को लौट रहे शहरवासियों को खूब परेशान किया। करीब सवा पांच बजे अधिकतम करीब 85 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल रही थीं। इस दौरान एक्सप्रेस वे पर करीब 30 से 35 होर्डिंग्स गिर पड़े। इसके अलावा शहर में अन्य स्थानों पर भी यही हाल रहा। वहीं, कई रास्तों पर पेड़ और बिजली के खंभे तक उखड़ गए। इसके बाद मौसम ने करवट बदलते हुए झमाझम बारिश कर दी।
आंधी बारिश के बाद पेड़ और होर्डिंग्स उखड़कर गिरने और कुछ सड़कों पर ट्रैफिक सिग्नल भी बंद पड़ जाने से हर तरफ जाम की स्थिति बन गई। वहीं, शहर में बिजली जाने से अंधाकुप्प की स्थिति हो गई। घंटो तक वाहन रेंग-रेंग कर निकलते रहे। इस दौरान सेक्टर-62 से मॉडल टाउन चौकी, सेक्टर-60 से सेक्टर-18, होशियारपुर सेक्टर-37 तक और गोलचक्कर से सेक्टर-18 की डीएससी रोड रात आठ बजे तक जाम रही। इस दौरान लोग घंटों जाम में फसे रहे।
सुबह से ही मौसम ने शहर में अपना रंग दिखाना शुरू कर दिया था। इस दौरान सुबह आठ बजे से ही हल्के छींटे पड़ने शुरू हो गए। वहीं, हल्की ठंडी हवा ने मौसम गुलाबी कर दिया। करीब दस बजे के बाद मौसम साफ हुआ और उमस ने लोगों के पसीने छुड़ाना शुरू कर दिया। इस दौरान अधिकतम आद्रता 54 प्रतिशत दर्ज की गई। इसके बाद शाम को आंधी-बारिश ने फिर से शहर का मौसम बदलकर सुहावना कर दिया।
मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों तक हल्की आंधी आने की संभावना है। इस दौरान बादलों की आवाजाही बनी रहेगी। वहीं, दोपहर में धूप के बाद उमस का माहौल रह सकता है। दूसरी तरफ, मंगलवार को अधिकतम तापमान 36.7 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम सामान्य से तीन डिग्री अधिक करीब 24.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।












Click it and Unblock the Notifications