घोड़े पर चढ़ने वाले विधायक पर मुकदमा

पथरदेवा विधानसभा क्षेत्र के समाजवादी पार्टी विधायक शाकिर अली के खिलाफ रेलवे प्लेटफार्म पर घुड़सवारी करके अफरातफरी मचाने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है। रेलवे सुरक्षा बल के अधिकारियों के अनुसार स्टेशन अधीक्षक डी.पी.जायसवाल की तहरीर पर विधायक और उनके समर्थकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।
विधायक पर रेलवे अधिनियम की धारा 145 तथा 147 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। ज्ञात हो कि श्री अली रविवार को ट्रेन से देवरिया रेलवे स्टेशन पर उतरे। रेलवे स्टेशन पर उतरने के बाद उन्होंने आगे की यात्रा के लिए घोड़ा कर लिया। श्री अली के समर्थक घोड़ा प्लेटफार्म पर ही ले आए और वह वहीं घोड़े पर बैठ गए।
प्लेटफार्म पर ही घोडे पर सवार होकर उन्होंने दो तीन चक्कर लगाए जिससे भीड़ भाड़ वाले इस प्लेटफार्मर पर भगदड़ मच गयी। स्टेशन पर घोडे पर सवार विधायक ने शोरशराबे के बीच अपने समर्थकों का अभिवादन स्वीकार किया। इस दौरान प्लेटफार्म पर अफरा तफरी मच गयी। इस बारे में सपा विधायक का कहना था कि घोड़े की सवारी उत्साह की सवारी है और वह आने वाले समय में घोडे से चलकर पूर्वांचल का दौरा करेंगे।
उन्होंने कहा कि अति उत्साह और समर्थकों की भावनाओं का सम्मान करते हुए वह प्लेटफार्म पर घोडे पर सवार हुए। विधायक भले ही अपने तर्क दे रहे हो लेकिन रेलवे अधिकारियों को यह बात रास नहीं आयी। अधिकारियों ने रेलवे नियमावली खोलते हुए विधायक पर मुकदमा दर्ज करा दिया। विधायक पर हंगामे कराने का मुकदमा होने के बाद अब सपा के आला नेता काफी परेशान हैं।












Click it and Unblock the Notifications