रामनवमी पर हिंसक हुए राम लला के भक्त, 3 मरे

यह घटना रविवार की शाम को हुई, जब बलरई इलाके में बने ब्रह्माणी मंदिर में गांव भारद्वाजपुरा और गांव सिरसा के भक्तों के बीच झंडा चढ़ाने को लेकर विवाद हो गया। विवाद अचानक इतना बढ़ गया कि लोग एक दूसरे की जान लेने को उतारू हो गये। झगड़े ने हिंसा का रूप ले लिया।
पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को शांत कराने का प्रयास किया लेकिन ग्रामीणों ने बलरई के थाना प्रभारी जयश्याम शुक्ला तथा उनके साथ सिपाहियों की पिटाई कर दी। एसओ को बचाने जब पीएसी के जवान दौड़े तो उग्र भीड़ ने उन पर पथराव कर दिया।
झड़प को नियंत्रित करने के लिए मौके पर पहुंची पुलिस ने लाठियां चलायीं, और फिर भी नियंत्रित नहीं होने पर पुलिस और पीएसी के जवानों ने फायरिंग कर दी। फायरिंग में तीन लोगों की मौत हो गई। पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गये। उन्हें सैफई के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस घटना में तीन पुलिसवाले भी घायल हुए हैं।
उधर लखनऊ में सीएम कार्यालय को सूचना मिलने के बाद मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने घटना की जांच के आदेश दे दिये हैं। सीएम ने गंभीर रूप से घायलों को 50-50 हजार रुपए, मामूली रूप से चोटिल हुए लोगों को 20-20 हजार रुपए और मृतकों के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपए का मुआवजा देने की घोषणा की है।












Click it and Unblock the Notifications