कलीफुल्ला बने सुप्रीम कोर्ट के नए न्यायाधीश

मुख्य न्यायाधीश एसएच कपाड़िया ने जम्मू-कश्मीर हाईकोर्ट के पूर्व मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति कलीफुल्ला को शपथ दिलाई। न्यायमूर्ति कलीफुल्ला ने पिछले साल 18 सितंबर को जम्मू-कश्मीर हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश बने थे। वह दो मार्च 2000 को उस वक्त न्यायपालिका में शामिल हुए थे जब उन्हें मद्रास हाईकोर्ट में स्थाई न्यायाधीश नियुक्त किया गया। इसके बाद न्यायमूर्ति कलीफुल्ला का तबादला जम्मू-कश्मीर हाईकोर्ट में कर दिया गया, जहां उन्होंने पिछले साल 24 फरवरी को पदभार ग्रहण किया और फिर उन्हें इसी न्यायालय में सात अप्रैल 2011 को कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश बनाया गया।
मूल रूप से तमिलनाडु के शिवगंगा जिले में कराईकुडी के रहने वाले न्यायमूर्ति कलीफुल्ला का जन्म 23 जुलाई 1951 को हुआ था। उन्होंने 20 अगस्त 1975 को बतौर वकील अपने कानूनी करियर की शुरुआत की। वह श्रम कानून से संबंधित मामलों में सक्रिय वकील थे। उन्होंने कई सार्वजनिक और निजी कंपनियों के साथ-साथ राष्ट्रीयकृत और अनुसूचित बैंकों का भी प्रतिनिधित्व किया। न्यायमूर्ति कलीफुल्ला बाद में तमिलनाडु राज्य विद्युत बोर्ड के स्थायी वकील भी रहे।












Click it and Unblock the Notifications