वेंकैया नायडू के निवास पर हंगामे के बीच उम्मीदवारों की सूची जारी

गौरतलब है कि शनिवार और रविवार को टिकट बंटवारे में घालमेल का आरोप लगाते हुए कुछ कार्यकर्ताओं ने हंगामा किया था। कार्यकर्ताओं का कहना था कि बाहरी प्रत्याशी को किसी भी रूप में स्वीकार नहीं किया जाएगा और अगर बाहरी प्रत्याशी उनके क्षेत्र में थोपा गया तो वह उसके खिलाफ कार्य करेंगे। टिकट बंटवारे को लेकर उत्तरांचल के कार्यकर्ताओं में भी जबरदस्त रोष था। उन्होंने भाजपा नेताओं के खिलाफ खूब नारेबाजी की। उनका कहना था कि जो हश्र भाजपा का उत्तरांचल में हुआ, वही हाल दिल्ली निगम चुनाव में भी होगा।
बताया जाता है कि कुछ कार्यकर्ताओं ने नायडू के 30 औरंगजेब रोड स्थित निवास पर भाजपा प्रदेश प्रवक्ता विजय जौली से हाथापाई की है। चुनाव कार्यकारिणी में शामिल रामेश्वर चौरसिया का भी कार्यकर्ताओं ने घेराव किया। नायडू के निवास पर सुबह से ही भाजपा के वरिष्ठ नेताओं की बैठक शुरू हो गई थी। यहां सुबह से भी नाराज भाजपा कार्यकर्ता पहुंच कर नारेबाजी करने लगे। इसी दौरान प्रदेश महिला मोर्चा में उपाध्यक्ष वेदवती देवी गेट पर रोने लगी। उनका आरोप था कि एक तो उनका टिकट काटा गया ऊपर से संभावित प्रत्याशी द्वारा उन्हें धमकी दी जा रही है।
उन्हें किसी तरह अन्य भाजपा कार्यकर्ताओं ने शांत किया। वार्ड-75 किशनगंज के मंडल महामंत्री कपिल मल्होत्रा का कहना था कि उनके यहां बाहरी व्यक्ति सतीश जैन संभावित प्रत्याशी हैं। सतीश जैन को टिकट दिया गया तो भाजपा कार्यकर्ता बागी हो जाएंगे। इसी तरह मिंटो रोड वार्ड से आए बृजमोहन बंसल, रानी पॉलीवाल, रियाजुद्दीन और वीएस सक्सेना का कहना था कि यहां से भी बाहरी प्रत्याशी को टिकट दिया जा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications