शपथ ग्रहण में आयीं जया आंटी, लेकिन नहीं पहुंचे अमर अंकल
अखिलेश यादव के मुख्यमंत्री पद के शपथ ग्रहण समारोह में जहां कई दिग्गज मौजूद थे वहीं कभी सपा के खासमखास रहे अमर सिंह की कमी नजर आयी। सपा मुखिया मुलायम सिंह हमसाये रहे अमर सिंह 2003 में आखिरी बार ऐसे मौके पर उस समय देखे गये जब मुलायम सिंह यादव ने राजधानी लखनऊ में गोमती नदी के किनारे लक्ष्मण पार्क में मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। सपा के तत्कालीन महासचिव अमर सिंह उस वक्त मुलायम सिंह यादव के साथ साये की तरह थे लेकिन गुरुवार को ला मार्टीनियर कालेज के मैदान में अखिलेश यादव के शपथ ग्रहण समारोह में नजारा पूरी तरह से बदला हुआ था।
मुलायम सिंह यादव के 2003 में हुये शपथ ग्रहण समारोह में पूरी तरह से अमर सिंह की छाप थी। सहारा समूह के अध्यक्ष सुब्रतो राय, आदित्य बिडला, परमेश्वर गोदरेज, अमिताभ बच्चन व जया बच्चन आदि उस वक्त शपथ ग्रहण समारोह में मौजूद थे। यह सभी हस्तियां सहारा शहर से खुली सफेद जीप में समारोह स्थल तक आये थे। सुब्रत राय और जया बच्चन अखिलेश यादव के शपथ ग्रहण में शामिल थे, लेकिन मुख्यमंत्री के 'अमर अंकल' का उस वक्त पता नहीं था, जब सपा युवराज सूबे की कमान संभालने की ऐतिहासिक शुरूआत कर रहा था। हालांकि अब अमर सिंह व सपा के बीच ऐसी दूरी हो गयी है, जिसे अब भर पाना मुश्किल है।
अमर सिंह को 2010 में सपा से निकाला गया था। अखिलेश राज में अमर सिंह की पार्टी में वापसी होगी यह अनुमान लगाना भी बेमानी होगी। बहरहाल सपा के हर ऐतिहासिक क्षण में आगे रहने वाले अमर सिंह की कमी नजर आना स्वाभाविक है।













Click it and Unblock the Notifications