कन्नौज की धरती ने बनाया अखिलेश यादव को सीएम

देश के सबसे कम उम्र के सीएम बनने जा रहे अखिलेश यादव ने अपनी मेहनत से युवाओं के दिलों में बहुत सारी उम्मीदें जगाई है अब वो उम्मीदें कितनी पूरी होती हैं, यह तो आने वाले कुछ वक्त में पता चल जायेगा लेकिन अखिलेश की इस कामयाबी के पीछे कन्नौज की धरती का भी बहुत बड़ा हाथ है, जहां से अखिलेश यादव ने अपना राजनीतिक करियर शुरू किया और वहां से सांसद बनें।
अब आप पूछेंगे कि यह कैसे तो चलिए हम आपको बताते हैं, दर असल कन्नौज वो धरती है जिसने देश को दिग्गज मुख्यमंत्री दिये हैं। पूरे देश में महिला मुख्यमंत्री के तौर पर लोहा मनवाने वाली दिल्ली की सीएम शीला दीक्षित ने भी अपना राजनीतिक करियर साल 1984 में कन्नौज से शुरू किया था। शीला दीक्षित कन्नौज से ही सांसद चुनी गईं थीं। यही नहीं कन्नौज से सफलता का परचम लहराने वाली शीला को इस जीत के बाद ही दिल्ली की सत्ता नसीब हुईं।
कन्नौज ही वो धरती है जहां से डॉ. राममनोहर लोहिया ने समाजवाद का नारा लगाया था और सपा की तान छेड़ी थीं। अखिलेश के पिता और सपा के मुखिया मुलायम सिंह यादव ने खुद अपनी लड़ाई कन्नौज से शुरू की और गैर कांग्रेसी होते हुए प्रदेश के तीन बार सीएम बनें।
इसलिए उन्होंने अपने लाल को साल 2000 में यहीं से राजनीतिक अखाड़े में उतारा जहां अखिलेश ने रिकार्ड वोटों से जीत हासिल की और आज यूपी का सिंहासन उनके नाम हो गया है। कहना गलत ना होगा कि कन्नौज की धरती ने अखिलेश को बेहद कम समय में वहां पहुंचा दिया जहां पहुंचना हर किसी के बस में नहीं होता, लोगों की पूरी उम्र निकल जाती है लेकिन सत्ता नसीब नहीं होती।












Click it and Unblock the Notifications