सिरसा में नकाबपोशों ने युवक को जिंदा जलाया

नकाबपोश युवक उससे लड़की के बारे में भी पूछताछ कर रहे थे। सामान्य अस्पताल के बर्न वार्ड में उपचाराधीन मेला ग्राउंड निवासी युवक हैप्पी ने बताया कि रविवार को शाम पौने सात बजे वह सब्जी मंडी चौकी की ओर पैदल जा रहा था।
उसी समय तीन नकाबपोश युवक आए और लड़की के बारे में पूछते हुए मारपीट शुरू कर दी। बाद में उन्होंने मिट्टी का तेल छिड़क कर आग लगा दी। हैप्पी के खिलाफ एक प्रेमी जोड़ा भगाने की साजिश के आरोप में गत 27 फरवरी को मुकदमा दर्ज है। हैप्पी का कहना है कि वह लड़का-लड़की को जानता तक नहीं। उन्होंने उसकी टैक्सी किराये पर की थी। अब खुद पुलिस कह रही है कि वे हाई कोर्ट में शादी के लिए अपील कर चुके हैं।
उसे लगातार पूछताछ के लिए बुलाया जा रहा था। हैप्पी का भाई जीवन आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए पुलिस से गुहार लगा रहा है परंतु कोई सुनवाई नहीं हुई। दूसरी ओर हैप्पी का कहना है कि उसके दायें पांव व शरीर के कुछ हिस्सों पर घाव है परंतु वह घटना के बाद से ही बोलने में सक्षम है। इसके बावजूद अभी तक कार्रवाई नहीं की गई। देर शाम कीर्ति नगर चौकी प्रभारी दलबीर सिंह ने बताया कि हैप्पी के बयान पर तीन अज्ञात युवकों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी गई है।












Click it and Unblock the Notifications