यूपी में हाशिए पर पहुंची राष्ट्रीय पार्टियां कांग्रेस और भाजपा

इन दोनों बड़ी पार्टियों की तुलना में केवल उत्तर प्रदेश में ही अपना वर्चस्व रखने वाली समाजवादी पार्टी ने शानदार प्रदर्शन किया है। अभी तक पार्टी ने लगभग 200 सीटों पर अपनी बढ़त बना ली है। जबकि बहुजन समाजवादी पार्टी लगभग 100 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है।
भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस के प्रदर्शन पर गौर करें तो पाएंगे कि इन दोनों राष्ट्रीय पार्टियों का उत्तर प्रदेश में अस्तित्व खत्म होता दिखाई दे रहा है। जो रुझान सामने आ रहा है उसके मुताबिक भारतीय जनता पार्टी को 52 सीटों पर जबकि कांग्रेस को आरएलडी का साथ मिलने के बावजूद 47 सीटों पर बढ़त हासिल हो पाई है।
पिछले 5 साल से उत्तर प्रदेश की धूल फांकने वाले राहुल गांधी भी कोई कमाल नहीं दिखा पाए और कांग्रेस की प्रदेश में नईया डूब गई। उन्होंने 22 साल बाद राज्य में 22 सीटों से 202 सीटों तक पहुंचने का जो सपना देखा था वह चूर-चूर हो चुका है। इन नतीजों के साथ ही उनके राजनीतिक हुनर की भी परीक्षा हो गई जिसमें वे बुरी तरह फेल रहे।
उत्तर प्रदेश में अपनी वापसी के लिए जोर लगा रही भारतीय जनता पार्टी बड़बोली उमा भारती को लेकर आईं। मगर पड़ोसी राज्य मध्य प्रदेश से आईं उमा भारतीय भी कुछ खास नहीं कर पाईं और पार्टी के प्रदर्शन में कोई सुधार नहीं हुआ।
यूपी के नतीजों से यह तो साफ हो गया कि 2014 में होने वाले लोकसभा चुनाव भी इन दोनों राष्ट्रीय पार्टियों के लिए आसान नहीं होंगे। कांग्रेस को जहां भ्रष्टाचार और महंगाई की मार झेलनी पड़ी है वहीं भारतीय जनता पार्टी बिना किसी मुद्दे के ही जंग लड़ती नजर आई।












Click it and Unblock the Notifications