हवाई जहाज छोड़ साइकिल पर सवार होंगे अजित सिंह!

सरकार बनाने के लिए समाजवाद पार्टी को 202 सीटों के जादुई आंकड़े तक पहुंचने की दरकार है। मगर सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरने के बावजूद सपा इस आंकड़े को छूती हुई नजर नहीं आ रही है। ऐसे में मुलायम सिंह अजित सिंह की पार्टी राष्ट्रीय लोकदल से सांठगांठ कर सकते हैं। अजित सिंह के जयंत चौधरी ने इस बात के संकेत दिए थे कि उनकी पार्टी यूपी में सपा को समर्थन दे सकती है।
चुनावी नतीजे आने से पहले अजित सिंह ने इस संभावना से इंकार किया था। मगर अजित सिंह के बारे में यह बात आम है कि वे हमेशा सत्ता में रहना पसंद करते हैं। अगर सपा सत्ता में आई तो वे अपना समर्थन देकर सरकार बनाने में अहम भूमिका निभा सकते हैं। राज्य में आरएलडी लगभग 20 सीटें जीतती हुई नजर आ रही है।
सपा के पास 180 तक सीटें आने की उम्मीद है। ऐसे में अगर सपा कांग्रेस को छोड़ अजित सिंह से हाथ मिला लेती है तो वह आसानी से 202 के जादुई आंकड़े तक पहुंच सकती है। वैसे भी अगर मुलायम सिंह यादव ने अपनी सरकार में अजित सिंह को अहम पद दे दिया तो वे आसानी से हवाई जहाज की सवारी छोड़ साइकिल पर सवार हो सकते हैं।
हाल ही में मंत्रिपद के लालच में अजित सिंह ने राज्य में कांग्रेस से गठबंधन किया था। जिसके बाद उन्हें यूपीए सरकार में नागरिक उड्डयन मंत्री का पद सौंपा गया था। राज्य में कांग्रेस का प्रदर्शन आशानुरुप नहीं रहा है। जिस वजह से अजित सिंह कांग्रेस का हाथ छोड़ सकते हैं।
कांग्रेस ने भी कहा था कि यूपी में सरकार चाहें किसी की भी बने मगर उसकी चाबी हमारे हाथ में ही रहेगी। ऐसे में मुलायम सिंह यादव नहीं चाहेंगे कि उनकी सरकार में कांग्रेस का जरूरत से ज्यादा दखल न हो। ऐसे में वे अजित सिंह से समर्थन लेना बेहतर समझेंगे। मुलायम कांग्रेस से समर्थन लेने की जगह अजित सिंह को साथ जोड़कर अन्य का सहारा ले सकते हैं।












Click it and Unblock the Notifications