रायपुर: नक्सलियों के लिए बनता था रॉकेट लांचर

रायपुर जिले के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दीपांशु काबरा ने आज यहां बताया कि राजधानी के सरस्वतीनगर थाना क्षेत्र में स्थित आमानाका में आंध्रप्रदेश, पश्चिम बंगाल और छत्तीसगढ़ के स्पेशल इंटेलिजेंस ब्यूरो की एक टीम ने पाल गुड्स ट्रांसपोर्ट कंपनी के गोदाम में छापा मारकर भारी मात्रा में मोर्टार और रॉकेट लांचर जैसे भारी हथियार बनाने का सामान बरामद किया है।
काबरा ने बताया कि पिछले दिनों आंध्रप्रदेश और पश्चिम बंगाल की टीम ने पांच नक्सलियों को गिरफ्तार किया था। इसमें छत्तीसगढ़ का दीपक कुमार भी शामिल था। दीपक से पूछताछ के लिये छत्तीसगढ़ की पुलिस भी कोलकाता पहुंची थी। दीपक की निशानदेही पर आज रात पाल गुड्स ट्रांसपोर्ट कंपनी के गोदाम में संयुक्त दल ने छापा मारा। पुलिस अधिकारी ने बताया कि छापे के दौरान पुलिस को लगभग 75 बक्से में हथियार बनाने का सामान मिला है।
इन सामानों में नट बोल्ट से लेकर पाइप आदि शामिल हैं। काबरा ने बताया कि पाल गुड्स ट्रांसपोर्ट कंपनी का मुख्यालय कोलकाता में है और रायपुर में इसकी एक ब्रांच है जिसका संचालन रवि त्रिपाठी करता है। रवि से पूछताछ के दौरान जानकारी मिली कि यह सामान कोलकाता से रायपुर भेजा गया है। रायपुर में इसे किसे डिलिवर करना था इस बारे में जानकारी नहीं मिल पाई है।












Click it and Unblock the Notifications