नोएडा के कालेज की छात्राओं को भेजा पोर्न मेल

पीजीडीएम कोर्स के फाइनल ईयर की 20 छात्राओं के ई-मेल पर करीब दो सप्ताह पहले यह मेल आया था। इसमें उनके प्रति भद्दे शब्दों का प्रयोग किया गया था। आरोपी ने हरेक छात्रा को अलग पहचान दी थी। छात्राओं ने पहले आपस में इसकी चर्चा की, फिर सूचना कॉलेज प्रशासन को दी। कॉलेज स्तर पर की गई छानबीन से निष्कर्ष निकला कि मेल यूएसए से भेजा गया है। बाद में ई-मेल की भाषा और छात्राओं के प्रति प्रयोग भद्दे शब्दों से लगा कि ई-मेल भेजने वाला उन्हें अच्छी प्रकार जानता है।
उसने फर्जी आईडी बनाकर यह मेल की है।कॉलेज प्रशासन के मुताबिक, यह हरकत किसी छात्र या छात्राओं के परिचित युवक की है। छात्राओं के बारे में जो बातें लिखी हैं, वे केवल नजदीकी व्यक्ति ही जान सकता है। इस संभावना पर भी विचार हो रहा है कि उसने अपने किसी सहपाठी या दोस्त को अमेरिका भेजा हो और वहां से छात्राओं को यह मेल किया गया। सीओ अतुल श्रीवास्तव का कहना है कि इस मामले को आईपीसी और आईटी एक्ट के तहत दर्ज करने की तैयारी है।
शहर के दो संस्थानों में पहले भी इस तरह की ई-मेल करके छात्राओं को परेशान किया जा चुका है। हालांकि उनमें सहपाठी छात्रों को ही आरोपी पाया गया था। कॉलेज और छात्र-छात्राओं के परिजनों के आपसी समझौते के चलते मामला दर्ज नहीं कराया गया था। एक्यूरेट कॉलेज के रजिस्ट्रार एवं कानून विशेषज्ञ दीपक श्रीवास्तव का कहना है कि यह ई-मेल किसी भारतीय ने ही भेजा है। भले इसके लिए फर्जी अकाउंट खोला गया हो। दूसरी संभावना यह है कि यहां से ई-मेल किसी ऐसे व्यक्ति को भेजा गया, जो यूएसए में रह रहा और उसने छात्राओं को फारवर्ड किया हो। किसी अमेरिकी नागरिक ने ऐसा किया है तो आरोपी को जिम्मेदार ठहराने के लिए यह दो देशों के बीच का मामला बनेगा।












Click it and Unblock the Notifications