जेएनयू में फिर लहराया लाल झंडा

अध्यक्ष पद पर आइसा की सुचेता डे, उपाध्यक्ष पद पर अभिषेक कुमार यादव, महासचिव पद पर रविप्रकाश सिंह और संयुक्त सचिव पद पर मोहम्मद फिरोज अहमद ने जीत हासिल की। जेएनयू छात्रसंघ के अध्यक्ष पद पर आइसा की सुचेता डे ने एसएफआई-एआईएसएफ गंठबंधन के अध्यक्ष पद के उम्मीदवार जिको दास गुप्ता को 1351 वोट से हराया। सुचेता डे को कुल 2102 वोट मिले। जबकि जिको दास गुप्ता को 751 वोट मिले। तीसरे स्थान पर एबीवीपी की अध्यक्ष पद की उम्मीदवार ममता त्रिपाठी को 447 वोट मिले। उपाध्यक्ष पद पर आइसा के अभिषेक कुमार यादव ने एसएफआई-एआईएसएफ गठबंधन के उपाध्यक्ष पद के उम्मीदवार अनाघा इंगोले को 640 मतो के अंतर से हराया। अभिषेक को कुल 1997 वोट मिले। जबकि अनाघा इंगोले को 1357 वोट प्राप्त हुए।
वहीं महासचिव पद पर आइसा के रवि प्रकाश सिंह ने एआईएसएफ के दुर्गेश त्रिपाठी को 919 वोटों से हराया। रवि प्रकाश सिंह को 1908 जबकि दुर्गेश त्रिपाठी को 989 मत प्राप्त हुए। इस पद पर एनएसयूआई के मनोरंजन महापात्रा 625 वोटों के साथ तीसरे स्थान पर रहे। एबीवीपी के सुभाष बाबू आर्य 392 वोटों के साथ चौथे स्थान पर रहे। संयुक्त सचिव पद के लिए आइसा के मोहम्मद फिरोज अहमद ने एसएफआई के मोहम्मद अल्तमस को 579 मतों के अंतर से हराया। फिरोज को 1778 वोट मिले। जबकि मोहम्मद अल्तमस को 1199 वोट मिले। इस पद पर एबीवीपी की गायित्री दीक्षित 577 वोटों के साथ तीसरे स्थान पर रही। जबकि एनएसयूआई के देवधर दधीच 480 मतों के साथ चौथे स्थान पर रहे।
जेएनयू में चुनाव नतीजों की घोषणा होते ही कैंपस अलग ही तरह के जश्न के माहौल में डूब गया। दोपहर एक बजे जेएनयू छात्रसंघ चुनाव परिणामों की घोषणा होते ही पूरा कैंपस नारेबाजी और लाल पताकाओं से पट गया। आइसा के सभी उम्मीदवार और समर्थक जीत का जश्न मनाने लगे। जेएनयू छात्रसंघ चुनाव के तहत स्कूल काउंसलरों के नतीजे शुक्रवार रात को ही घोषित कर दिए गए थे। इसके बाद शनिवार को सेंट्रल पैनल की चारों सीटों के लिए चुनाव परिणामों की घोषणा की गई। घोषणा होते ही पूरे कैंपस में सभी जगह लाल पताकाएं फहराईं गईं। आइसा समर्थकों ने ढोल-मंजीरों के संग नाच गा जीत की खुशी का जश्न मनाया। आइसा ने छात्र-छात्राओं को समर्थन के लिए धन्यवाद दिया।












Click it and Unblock the Notifications