सरकार से हुई सुलह, जाट करेंगे ट्रैक खाली

मलिक खाप का प्रतिनिधित्व कर रहे मास्टर किताब सिंह मलिक ने बताया कि मुख्यमंत्री व खाप प्रतिनिधियों व समिति सदस्यों के बीच इस बात पर सहमति बन गई है और इसकी घोषणा कल सवेरे ट्रैक पर कर दी जाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि सरकार को आरक्षण की मांग मानने के लिए छह माह का समय दिया गया है और अगर इस अंतराल के दौरान सरकार ने उनकी मांगों को नहीं लागू किया तो इस बार का आंदोलन प्रदेश की खापों के नेतृत्व में चलाया जाएगा और इसकी अगुवाई रोहतक व सोनीपत की खापें करेंगी।
बैठक में प्रदेश की 23 खापों के प्रतिनिधि शामिल थे जिनमें नफेसिंह दनोदा, कुलदीप ढांडा, अमृतलाल चोपड़ा, टेकराम कंडेला, ओमप्रकाश थुआ, देवासिंह दाडऩ खाप, दलेल खटकड़, सरजीत सिंह चहल, दीपा सरपंच मैयड़, मास्टर किताब सिंह मलिक, इंद्र सिंह ढुल, इंद्र सिंह मोर, कटार सिंह, राजमल जाटु खाप, सूबे सिंह समैण, दलीप सिंह, इंद्रसिंह ढुल, राजबीर ढांडा बारह खाप, प्रताप सिंह दहिया हैं, की मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के आवास पर तीन दौर की बातचीत हुई और हर दौर के पश्चात खापों व समिति के सदस्यों ने अलग से विचार विमर्श किया तथा हर बार बातचीत केवल समय सीमा पर आकर अटक गई। लेकिन तीसरे दौर के बाद यह मुद्दा भी सुलझा लिया गया।
बैठक में सरकार की ओर से हर बार यही कहा गया कि हरियाणा पिछड़ा वर्ग आयोग की रिपोर्ट आने के पश्चात उसे केन्द्र के पास भेज दिया जाएगा लेकिन प्रदेश में आरक्षण दिया जाना अत्यंत कठिन है। केन्द्र द्वारा आरक्षण दिए जाने के बाद फिर प्रदेश में आरक्षण के मसले पर सरकार विचार कर सकती है लेकिन खाप प्रतिनिधि व समिति के सदस्य आखिर तक इसी बात पर अड़े रहे कि केन्द्र व प्रदेश दोनों में आरक्षण दिए जाने की बात को माना जाए और इसके लिए एक समय सीमा तय की जाए अन्यथा आंदोलन जारी रहेगा।












Click it and Unblock the Notifications