यूपी चुनाव: उमा का ऐलान, बंद होंगे सारे कत्लखाने
असमौली विधानसभा के एचौड़ा कंबोह में उमा ने कहा कि जिंदा गाय तो क्या कागज पर बनी गाय की तरफ आंख उठाने वालों को भी बख्शा नहीं जाएगा। वहीं संभल विधानसभा के हयातनगर में आयोजित स्वागत सभा में उमा भारती ने खुली घोषणा की कि यहां के सभी कत्लखानों को बंद कर मांस निर्यात के कारोबार पर प्रतिबंध लगाया जाएगा। पश्चिम उत्तर प्रदेश के इस सघन दौरे में उमा ने खुला आरोप लगाया कि पिछले दस वर्षों में सपा और बसपा की सरकारों में यहां गाय की जान, नारी की इज्जत और गरीब की रोटी पर खुलेआम डाका डाला गया।
पश्चिम उत्तर प्रदेश लूटखोरों और अपराधियों का पनाहगाह बन गया। भाजपा की सरकार बनी तो यह गुंडई नहीं चलने दी जाएगी। जिन्हें जेल में होना चाहिए था, वे सपा और बसपा के टिकट पर विधानसभा पहुंच गए। आदमपुर में उमा भारती ने कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता की बदहाली देखकर ही मैं पार्टी मे वापस आई हूं। उत्तर प्रदेश पर माया और मुलायम की गिद्ध दृष्टि है। इनके राज में खेतों में खाद पानी, उद्योगों को बिजली, नारी को सुरक्षा और बच्चों को पढ़ाई-दवाई नसीब नहीं हुई।
सपा, बसपा और कांग्रेस तीनों उत्तर प्रदेश चुनाव को मुद्दों से भटका रहे हैं। इस चुनाव का मुद्दा था अपराध, भ्रष्टाचार और मंहगाई। लेकिन कांग्रेस के साथ मिलकर सपा और बसपा ने मुसलमानों के आरक्षण को मुद्दा बना दिया क्योंकि वे जानते हैं कि अपराध, भ्रष्टाचार और मंहगाई के सवाल पर प्रदेश की जनता उनको खारिज कर देगी। उन्होंने कहा कि देश के विकास के लिए उत्तर प्रदेश का विकास जरूरी है, इसलिए देश को बचाने के लिए उत्तर प्रदेश को बचाना जरूरी है।













Click it and Unblock the Notifications