रेलवे ट्रैक पर फिर लगा जाट आंदोलन का तंबू
इस बात की तस्दीक रैली में वक्ताओं के भाषण के शब्दों में हुई गफलत के बाद उपस्थित लोगों की प्रतिक्रिया से है। सेवानिवृत्त कर्नल ओपी संधु ने आंदोलन को सितंबर-2012 तक स्थगित रखने की बात मंच से कही तो भीड़ ने इस पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की और शोर मचाना शुरू कर दिया। शाम ढलते-ढलते रैली की भीड़ रेलवे ट्रैक के दोनों ओर जुट गई। संदेश दिया गया कि आरक्षण व अन्य मांगें नहीं मान गई तो 24 घंटे के पश्चात आंदोलन और तेज कर दिया जाएगा।
आरक्षण की मांग के लिए आयोजित रैली के तेवर को भांपते हुए सिविल व रेलवे प्रशासन ने भी स्थिति से निपटने के लिए तैयारी कर ली है। हिसार रेलवे स्टेशन के अधीक्षक आरएस मीणा के मुताबिक रविवार सायं पांच बजे रेवाड़ी-फाजिल्का को सात रोड रेलवे स्टेशन से ही लौटा दिया गया। दिल्ली से सिरसा जाने वाली किसान एक्सप्रेस को भी हांसी से वापस कर दिया। उन्होंने बताया कि आगजनी व अन्य घटनाओं के अंदेशे से आगामी आदेश तक ट्रेन रद कर दी गई हैं। रेलवे ट्रैक को क्षति न पहुंचे, इसके दृष्टिगत सिविल ड्रेस में रेलवे सुरक्षाकर्मी भी चौकसी बरत रहे हैं।
भिवानी-हिसार रेलमार्ग बंद
मय्यड़ स्टेशन के निकट जाटों के धरने के कारण हिसार-भिवानी के बीच ट्रेनों का आवागमन ठप हो गया है। इस कारण भिवानी जंक्शन पर हिसार, सिरसा व बठिंडा की ओर जाने वाले सैकड़ों यात्री फंस गए हैं। यात्री कई घंटे परेशान रहे और इसी उम्मीद में इधर-उधर चक्कर लगाते रहते कि गाड़ी चल जाए। स्टेशन प्रशासन ने यात्रियों से एक घंटे में स्थिति स्पष्ट करने की बात कही थी। इसके बार बीकानेर नियंत्रण कक्ष से बातचीत कई तो उन्होंने आधे घंटे का समय मांगा। करीब पौने आठ बजे रेलवे स्टेशन पर घोषणा कर दी गई कि भिवानी से हिसार व हिसार से भिवानी आने वाली सभी रेल गाडिय़ां रद कर दी गई हैं।
दिल्ली से बठिंडा जाने वाली किसान एक्सप्रेस का रास्ता बदल दिया गया है। यह ट्रेन करीब साढ़े आठ बजे रोहतक, जींद, जाखल के रास्ते से बठिंडा के लिए रवाना की गई। यशपाल मलिक के नेतृत्व वाले संगठन ने रेलवे ट्रैक के आसपास डेरा डाल दिया है। शाम को करीब छह बजे सैकड़ों आरक्षण समर्थक रेल मार्ग पर बैठ गए। इस कारण फाजिल्का से रेवाड़ी जाने वाली पैसेंजर ट्रेन सातरोड, दिल्ली से बठिंडा जाने वाली किसान एक्सप्रेस भिवानी व रेवाड़ी से हिसार को जाने वाली यात्री गाड़ी को भिवानी जंक्शन पर रोक दिया गया।
जाट आरक्षण मसले को उलझा रहे हैं सीएम-अजय
इनेलो के राष्ट्रीय महासचिव व डबवाली से विधायक डॉ. अजय सिंह चौटाला ने मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर जाट आरक्षण संघर्ष समिति को दोफाड़ करने का आरोप लगाया है। साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री पर इस मामले को उलझाने का आरोप लगाया है। अबन एस्टेट स्थित अपने आवास पर डा. चौटाला ने कहा कि जाट आरक्षण के मुद्दे पर इनेलो पहले ही अपनी राय स्पष्ट कर चुका है। सीएम जितनी ऊर्जा उलझाने में लगा रहे हैं, उतने में तो मामले का समाधान हो गया होता।













Click it and Unblock the Notifications