बादल गरजने से कमरों में बंद रहे नेतागण
मतदान में बारिश ने जहां खलल डाली वहीं दूसरे चरण के प्रचार में जाने के लिए हेलीकाप्टरों व छोटे विमानों से जाने वाले नेताओं को भी मौसम की मार झेलनी पड़ी। नेता अमौसी एअरपोर्ट पर बैठे मौसम के सुधरने का इंतजार करते रहे दोपहर बाद तक मौसम में कोई सुधार नहीं है जिसके चलते नेताओं को कई घंटों का समय वेटिंग रूम में ही बिताना पड़ा।
जनता दल यू अध्यक्ष शरद यादव को प्रचार के लिए सिकंदरपुर जाना था लेकिन मौसम के कारण वह जन सभाओं को सम्बोधित करने नहीं पहुंच सके। मुलायम सिंह का हेलीकाप्टर लखनऊ हवाई अड्डे से उडा लेकिन खराब मौसम की वजह से सभा स्थल के पास उतरने की अनुमति नहीं मिलने पर वह वापस आ गया। अमौसी हवाई अड्डे के अधिकारियों के अनुसार समाजवादी पार्टी अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव, भाजपा के वरिष्ठ नेता कलराज मिश्र व उमा भारती समेत कई नेताओं को चुनाव प्रचार स्थल पर जाने में देरी हुयी।
नेता दोपहर बाद तक मौसम खुलने का इंतजार करते रहे क्योंकि अधिकारियों ने अपील की कि थी कि जब तक मौसम में सुधार नहीं होता उड़ान भरने की इजाजत नहीं दी जा सकेगी। चुनाव के दूसरे चरण में राज्य के पूर्वी इलाकों के संतकबीरनगर, महाराजगंज, गोरखपुर, कुशीनगर, देवरिया, आजमगढ़, मऊ, बलिया और गाजीपुर में 11 फरवरी को 59 सीटों पर मतदान होना है। इन जिलों में कल शाम चुनाव प्रचार समाप्त हो जाएगा इस लिए आज का दिन राजनीतिक दलों के लिए बहुत महत्वपूर्ण था लेकिन बारिश की वजह से पार्टियां इसका लाभ नहीं उठा सकीं।













Click it and Unblock the Notifications