राष्ट्रमंडल घोटाले के आरोपी हैं यूपी में कांग्रेस के खेवनहार
दिल्ली से प्रकाशित एक अखबार के मुताबिक कांग्रेस उत्तर प्रदेश में मिशन राहुल के लिए कामनवेल्थ गेम में खेल करने वाली टीम कलमाड़ी की सेवाएं ले रही है। यूपी में कांग्रेस के वार रूम की कमान राष्ट्रमंडल खेल आयोजन समिति के अध्यक्ष सुरेश कलमाड़ी के करीबी व उनके शहर पुणे के रहने वाले दो भाइयों तहसीन पूनावाला व शहजाद पूनावाला के हाथ है।
राष्ट्रमंडल खेलों की आयोजन सलाहकार समिति में तहसीन पूनावाला समेत 19 लोगों की नियुक्ति में गड़बडि़यों की जांच सीबीआई कर रही है, लेकिन ये दोनों भाई फिलहाल यूपी में कांग्रेस के चुनावी योजना में बेहद अहम भूमिका निभा रहे हैं। कांग्रेस महासचिव व उप्र के प्रभारी महासचिव दिग्विजय सिंह को रिपोर्ट करने वाले दोनों भाई न सिर्फ बड़े नेताओं की सभाओं और उनके आने-जाने की व्यवस्था देखते हैं, बल्कि पार्टी प्रवक्ताओं व नेताओं को जनता और मीडिया के बीच बोलने का प्रशिक्षण भी देते हैं।
लखनऊ में माल एवेन्यू स्थित कांग्रेस दफ्तर के चुनावी वार रूम में पूनावाला बंधु फिलहाल कांग्रेस के चुनावी अभियान के प्रमुख रणनीतिकार हैं। प्रदेश में मायावती सरकार के भ्रष्टाचार को प्रमुख मुद्दा बना रहे राहुल गांधी के चुनावी अभियान में कलमाड़ी के करीबियों और विवादास्पद राष्ट्रमंडल खेल आयोजन समिति में सदस्य रहे दोनों भाइयों की कांग्रेस दफ्तर में हनक से पार्टी के कई नेता खासे असहज भी हैं। नफीस अंग्रेजी में बात करने वाले पूनावाला बंधुओं पर राहुल गांधी के सिस्टम के लोग होने का तमगा लगने से प्रदेश कांग्रेस के नेता भी कुछ बोलने का साहस नहीं जुटा सके।
सियासी गलियारे में चर्चा है कि एक तरफ जहां कांग्रेस भ्रष्टाचार से चौतरफा घिरी हुई है वहीं इन दोनों भाईयों को उसने यूपी में उतारकर खुद के पैर पर कुल्हाड़ी मार रही है। क्योंकि यूपी में भ्रष्टाचार ही इस चुनाव में मुख्य मुद्दा है और इस मुद्दे पर कांग्रेस अपने घर में ही कमजोर साबित हो रही है।













Click it and Unblock the Notifications