1 फरवरी से माया और सोनिया का चुनावी अभियान

बसपा द्वारा आज यहां जारी कार्यक्रम के अनुसार पार्टी अध्यक्ष मायावती प्रदेश में आगामी आठ फरवरी को होने वाले पहले चरण के चुनाव वाले 12 जिलों में जनसभाओं की शुरुआत आगामी एक फरवरी को करेंगी। कार्यक्रम के मुताबिक मायावती आगामी एक फरवरी को सीतापुर तथा बाराबंकी में चुनावी रैलियों को सम्बोधित करेंगी। अगले दिन वह अम्बेडकरनगर तथा फैजाबाद में पार्टी प्रत्याशियों के समर्थन में आयोजित जनसभाओं में शरीक होंगी।
मायावती आगामी तीन फरवरी को बहराइच में बहराइच तथा श्रावस्ती जिलों की संयुक्त जनसभा को जबकि गोण्डा में बलरामपुर तथा गोण्डा की संयुक्त रैली को सम्बोधित करेंगी। इसके अलावा बसपा अध्यक्ष पांच फरवरी को बस्ती जिले में बस्ती, सिद्धार्थनगर तथा संत कबीर नगर की संयुक्त जनसभा के बाद महराजगंज में एक चुनावी रैली को सम्बोधित करेंगी।
कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं उत्तर प्रदेश के प्रभारी दिग्विजय सिंह ने संवाददाताओं को बताया कि सोनिया गांधी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में अपने प्रचार अभियान की शुरूआत एक फरवरी को गोण्डा और देवरिया में चुनावी जनसभाओ के साथ करेंगी। उन्होंने बताया कि राहुल गांधी 31 जनवरी को सीतापुर, बाराबंकी और फैजाबाद में चुनावी जनसभाएं संबोधित करेंगे।
प्रियंका गांधी के प्रदेश के अन्य भागो में चुनाव प्रचार के लिए निकलने की संभावनाओ के बारे में पूछे जाने पर सिंह ने बताया कि उनका नाम पार्टी के स्टार प्रचारकों की सूची में शामिल है और वह प्रदेश में कहीं और प्रचार के लिए जायेगी अथवा नहीं, यह फैसला उन पर निर्भर है। अब देखना यह है कि कौन सी पार्टी अपने चुनाव प्रचार से वोटरों को कितना आकर्षित कर पाती है।












Click it and Unblock the Notifications