संत गुरमीत से आशीर्वाद लेने कैप्टन पहुंचे सिरसा

कैप्टन अमरेंद्र सिंह आज सुबह लगभग 10 बजकर 20 मिनट पर हेलिकॉप्टर से डेरा में उतरे और काफी देर तक वहां रहे। पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा कि पंजाब में कांग्रेस विधानसभा चुनाव में 70 सीटों पर जीत दर्ज करके बहुमत के साथ अपनी सरकार बनाएगी। डेरा में आने के सवाल पर अमरेंद्र सिंह ने कहा कि डेरे पंजाब में भी बहुत है और वे पंजाब में भी डेरों में जाते हैं मगर सिरसा के डेरा का पंजाब के मालवा क्षेत्र में अच्छा प्रभाव है।
मालवा क्षेत्र में डेरा सच्चा सौदा के बड़ी संख्या में श्रद्धालु हैं, इसलिए वे यहां आशीर्वाद लेने आए हैं। एसजीपीसी द्वारा डेरा के राजनीति से दूर रहने की हिदायत के सवाल पर अमरेंद्र सिंह ने कहा कि एसजीपीसी तथा अकाली नेताओं की करनी व कथनी में अंतर है। अकाली खुद तो रात को डेरा में आते हैं और दूसरों को ऐसा न करने की नसीहत देते हैं।
उन्होंने कहा कि डेरा में आना कोई बुरी बात नहीं है। उनकी यहां आस्था है, इसलिए यहां 'गुरुजी' का आशीर्वाद लेने आए हैं। जोश से भरे अमरेंद्र सिंह ने कहा कि पांच साल में अकाली दल सरकार की नाकामी के कारण पंजाब विकास के मामले में पिछड़ गया है। 47 लाख युवा बेरोजगार हो गए हैं। किसानों की हालत खराब है। प्रदेश पर करोड़ों रुपयों का कर्ज हो गया है। उद्योगों का बुरा हाल है।
भय व डर के कारण उद्योगपति पंजाब से पलायन कर गए हैं। इसलिए अकाली सरकार की नाकामी से दुखी लोग कांग्रेस की सरकार बनाने का मन बना चुके हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार बनने पर पंजाब को फिर से विकास की राह पर लाने के लिए जमकर मेहनत करनी होगी। पांच साल में पंजाब की जितनी दुर्गति अकाली सरकार ने की है, उसकी भरपाई के लिए कांग्रेस को सत्ता में आने के बाद पांच साल तक मेहनत करनी पड़ेगी ताकि पंजाब फिर से विकास में अव्वल बन सके।












Click it and Unblock the Notifications