मुस्लिम कोटे पर सलमान के पीछे खड़ी है कांग्रेस

सूत्रों ने बताया कि कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल दिग्विजय सिंह के नेतृत्व में मुख्य चुनाव आयुक्त एसवाई कुरैशी से मिला। उनके साथ अभिषेक मनु सिंघवी भी थे। सिंघवी ने ही नोटिस पर कांग्रेस की आपत्ति रखी। कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि आरक्षण के संबंध में खुर्शीद ने जो जिक्र किया है वह चुनाव आयोग द्वारा मतदान की तारीखों की घोषणाओं से काफी पहले का है और यह आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन नहीं करता।
उन्होंने यह भी दलील दी कि कांग्रेस के चुनावी घोषणा पत्र में भी सब-कोटा का वादा किया गया है। चुनाव आयोग से भेंट करने के बाद सिंघवी ने कहा, सलमान खुर्शीद को दिए गए नोटिस के मद्देनजर हमने काफी मजबूत तर्क दिए हैं। गौरतलब है कि मुसलमानों के लिए नौ फीसदी आरक्षण का वादा करने के कारण विवादों से घिरे कानून मंत्री सलमान खुर्शीद और उनकी पत्नी लुइस खुर्शीद को 10 जनवरी को चुनाव आयोग ने कारण बताओ नोटिस दिया था।
कानून मंत्री ने फर्रुखाबाद में अपनी पत्नी लुइस के समर्थन में वोट मांगते हुए वादा किया था कि अगर उनकी पार्टी राज्य में सत्ता में आती है तो अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के मौजूदा 27 फीसदी कोटे में से मुसलमानों के लिए कोटा बढ़ा कर नौ प्रतिशत कर दिया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications