70 सीटों पर उत्तराखंड में 911 उम्मीदवार आजमाएंगे भाग्य
मौसम ने रोका उम्मीदवारों के पांव
मौसम ने फिर पलटी मारी है। जिससे उम्मीदवारों के पांव थम गए हैं। मौसम के बिगड़े मिजाज के चलते वे रविवार को दिनभर इंतजार करते रहे कि कब वर्षा व बर्फबारी बंद हो और वे आगे कदम बढ़ाएं। पर इंद्रदेव ने उनकी मुराद पूरी नहीं होने दी। बादलों ने गढ़वाल मंडल की चोटियों पर बर्फ की परत और मोटी कर दी, जबकि सूबे के बाकी हिस्सों में बारिश की फुहारें दे डालीं। कड़ाके की सर्दी के बीच कहीं पारा हिमांक के करीब पहुंच गया है तो पहाड़ में गंगोत्री, यमुनोत्री राजमार्गाें समेत तमाम संपर्क मार्ग बाधित होने से दुश्वारियां खासी बढ़ गई हैं। फिर मौसम को लेकर जैसे संकेत हैं, उसे देखते हुए अगले चौबीस घंटों में भी बर्फबारी व वर्षा से निजात मिलने के आसार नहीं हैं।
जैसी उम्मीद जताई जा रही थी, मौसम का रंग बिल्कुल वैसा ही रहा। चार दिन की राहत के बाद शनिवार शाम से मौसम का मिजाज बदला और बादलों ने रविवार से बर्फबारी व वर्षा का सिलसिला शुरू कर फिर से चुनावी गर्माहट को कड़ाके की ठंड के आगोश में ले लिया। गंगोत्री, यमुनोत्री, धनोल्टी, नागटिब्बा, औली, गोरसों, चोपता समेत हिमाच्छादित तमाम चोटियों पर बर्फ की चादर और मोटी कर दी। गढ़वाल मंडल के बाकी क्षेत्रों के साथ ही कुमाऊं में कहीं हल्की बारिश का क्रम रविवार को दिनभर चलता रहा।
सपा 17 को घोषित करेगी अपना घोषणा पत्र
समाजवादी पार्टी अपना चुनावी घोषणापत्र आगामी 17 जनवरी को जारी करेगी। प्रदेश अध्यक्ष विनोद बड़थ्वाल ने बताया कि पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व से वार्ता हुई। देर शाम प्रदेश इकाई की बैठक में इस पर चर्चा के बाद सर्वसम्मति से घोषणापत्र को अंतिम रूप दिया गया। अब इसे 17 जनवरी को जारी किया जाएगा।













Click it and Unblock the Notifications