उत्तराखंड में खंडूरी ने भी फाइल किया नामांकन

सोमवार को नामांकन प्रक्रिया के चौथे दिन देहरादून जिले में विधानसभा अध्यक्ष व भाजपा प्रत्याशी हरबंस कपूर समेत कुल 29 प्रत्याशियों ने नामांकन कराया। गढ़वाल मंडल में चुनाव आयोग के डंडे के साथ-साथ मौसम का बिगड़ा मिजाज सोमवार को चुनाव मैदान में उतरे प्रत्याशियों पर भारी पड़ा। गढ़वाल मंडल में हुई जोरदार बर्फबारी ने समर्थकों के कदम थामे रखे। गढ़वाल मंडल में सोमवार को मुख्यमंत्री भुवन चंद्र खंडूड़ी, कैबिनेट मंत्री विजय बड़थ्वाल समेत 37 प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र दाखिल किए।
हरिद्वार में सोमवार को कुल 22 प्रत्याशियों ने नामांकन कराया। प्रमुख प्रत्याशियों में हरिद्वार शहर से शहरी विकास मंत्री व भाजपा प्रत्याशी मदन कौशिक, कांग्रेस के सतपाल ब्रह्मचारी, रुड़की से भाजपा के सुरेश चंद जैन, पिरान कलियर से बसपा के मोहम्मद शहजाद, लक्सर से बसपा के हाजी तसलीम शामिल रहे। कुमाऊं मंडल में कड़ाके की ठंड के बावजूद नामांकन प्रक्रिया सोमवार को तेज रही। आज मंडल में 51 प्रत्याशियों ने नामांकन कराए।
नामांकन कराने वाले प्रमुख प्रत्याशियों में बाजपुर से कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष यशपाल आर्य, डीडीहाट से भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बिशन सिंह चुफाल, बागेश्वर से बलवंत सिंह भौर्याल, अल्मोड़ा से कांग्रेस के गोविंद सिंह कुंजवाल व मनोज तिवारी, धारचूला से उक्रांद के काशी सिंह ऐरी, पिथौरागढ़ से मयूख महर, रुद्रपुर से कांग्रेस के तिलक राज बेहड़ शामिल हैं।
नामांकन के दौरान हादसा, 10 लोग मरे
कुमाऊं में दो अलग-अलग वाहन हादसों में दस लोगों की मौत हो गई, जबकि दस घायल हो गए। हादसों का शिकार हुए ये दोनों वाहन भाजपा उम्मीदवारों के नामांकन में जा रहे थे। पहले हादसे में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व डीडीहाट के प्रत्याशी बिशन सिंह चुफाल के नामांकन में कार्यकर्ताओं को लेकर जा रही जीप पर विशालकाय चट्टान गिर गई। इस हादसे में नौ लोगों की मौत हो गई व दो घायल हो गए। भाजपा महिला मोर्चा की ब्लॉक अध्यक्ष राजकुमारी भी हादसे का शिकार बनीं।
वहीं, दूसरे हादसे में भाजपा प्रत्याशी सुरेन्द्र सिंह जीना के नामांकन के लिए जा रही टाटा सूमो खाई में जा गिरी। सल्ट के पीपना से एक टाटा सूमो में कुछ लोग नामांकन के लिए जा रहे थे कि डोटियाल से मानिला की ओर आते हुए वाहन खाई में जा गिर गया। इसमें बहादुर सिंह पुत्र प्रताप सिंह ग्राम झीपा की मौके पर ही मौत हो गयी। इस हादसे में आठ घायल हो गए।












Click it and Unblock the Notifications