हाईटेक अंदाज में मतदाताओं को लुभाने में जुटे राजनीतिक दल
प्रदेश में इस बार एक करोड़ पचास लाख से ज्यादा युवा मतदाता बने हैं। फेसबुक और आर्कुट युवाओं में काफी लोकप्रिय है। कांग्रेस, समाजवादी पार्टी बहुजन समाज पार्टी और भारतीय जनता पार्टी के अलावा अन्य छोटे दल भी युवा मतदाताओं तक पहुंचने के लिये सोशल नेट वॄकग साईट का ही सहारा ले रहे हैं। सभी दलों ने बेवसाइटें भी बनवा ली हैं इसको लेकर सपा की वेबसाईट पर प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश यादव की सभी चुनावी सभाओं, यात्राओं और भाषण की जानकारी दी जा रही है। श्री यादव खुद ही फेसबुक और टिवटर पर उपलब्ध हैं।
वह अपने ब्लैकबेरी फोन के जरिये कार्यकर्ताओं और नेताओं से सम्पर्क करते रहते हैं। वहीं फेसबुक पर कांग्रेस के तीन एकाउंट हैं जो उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी, उत्तर प्रदेश युवा कांग्रेस और यूपी एसेम्बली इलेक्शन के नाम से खुले हैं। इसके अलावा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष रीता बहुगुणा जोशी और पार्टी के कई नेता भी फेसबुक पर उपलब्ध हैं। सपा ने भी फेसबुक पर तीन एकाउंट खोले हैं जो समाजवादी पार्टी, समाजवादी पार्टी मिशन 2012 और समाजवादी पार्टी इंडिया के नाम से चल रहे हैं। सपा के प्रदेश अध्यक्ष का भी अपना एक फेसबुक एकाउंट है।
भाजपा भी फेसबुक पर उपलब्ध है। भाजपा ने भी तीन एकाउंट, उत्तर प्रदेश भारतीय जनता पार्टी, बीजेपी एज 2012 इलेक्शन इन यूपी और बीजेपी सेल के नाम से खोल रखे हैं। इसके अलावा प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सूर्य प्रताप शाही, उपाध्यक्ष हृदय नारायण दीक्षित तथा प्रवक्ता विजय बहादुर पाठक भी फेसबुक पर मौजूद हैं। बसपा के फेसबुक पर चार एकाउंट हैं जो मायावती नेक्स्ट पीएम, बहुजन समाज पार्टी, मायावती फार 2014 एज प्राईम मिनिस्टर आफ इंडिया और मायावती फन क्लब के नाम से चल रहे हैं।
टिवटर पर मायावती न्यूज के नाम से बने एकाउंट में उनसे जुडी खबरों को दिया जा रहा है। इसके अलावा फेसबुक पर इंडियन जस्टिस पार्टी और पीस पार्टी के भी एकाउंट हैं जिसके सहारे वे मतदाताओं तक पहुंचने का प्रयास कर रहे हैं। वहीं बड़े राजनीतिक दल पुराने ढर्रे पर भी चुनाव प्रचार की तैयारी कर रहे हैं। सपा ने प्रचार के लिये 'उम्मीद की साइकिल' फिल्म बनायी है। इसके अलावा कुछ और लघु फिल्में भी जल्द नजर आयेंगी। कांग्रेस ने 'अगर कांग्रेस की सरकार होती' का निर्माण कराया है।
भाजपा भी लघु फिल्मों के निर्माण के लिये विज्ञापन एजेंसियों से बात कर रही है। भाजपा की फिल्मों में ज्यादातर वरिष्ठ नेता अटल बिहारी वाजपेयी का चेहरा नजर आयेगा। बसपा की उपलब्धियों को दिखाने वाली फिल्म खबरिया चैनल पर पहले से चल रही है। इसके अलावा पार्टी प्रचार अभियान के लिये कुछ और फिल्में बनवा रही है जिसकी तैयारी की जा चुकी है।













Click it and Unblock the Notifications