ओजोन से दूर होगा रीढ़ की हड्डी का दर्द

भागदौड़ की जीवनशैली में सत्तर फीसदी लोगों को रीढ़ में दर्द की शिकायत है। दर्द बढ़ने पर ऑपरेशन की नौबत आ जाती है। अब जीबी पंत अस्पताल के डॉक्टरों ने रीढ़ की समस्या को दूर करने के लिए ऑपरेशन का विकल्प ढूंढ लिया है। ओजोन के इंजेक्शन से दर्द भगा रहे हैं। मरीज को एक दिन में ही अस्पताल से छुट्टी मिल जाती है। जीबी पंत दिल्ली सरकार का पहला अस्पताल है, जहां इस विधि से इलाज हो रहा है।
अस्पताल के न्यूरो सर्जरी विभाग ने रीढ़ की समस्या से ग्रसित मरीजों की समस्या को दूर करने के लिए सहज इलाज ढूंढ निकाला है। न्यूरो सर्जरी विभाग के सहायक प्रो. डॉक्टर राहुल गुप्ता इस विधि से इलाज कर मरीजों को राहत दे रहे हैं। डॉ. गुप्ता ने बताया कि इलाज के लिए मशीन से ओजोन गैस तैयार की जाती है। ओजोन गैस को इंजेक्शन से रीढ़ की हड्डी के डिस्क में दी जाती है। इंजेक्शन देने पर डिस्क छोटा हो जाता है। इंजेक्शन में एनालजेसिक और एंटी सेप्टिक दवा भी मिली होती है। लिहाजा मरीजों को इसका फायदा मिलता है।
रीढ़ में दर्द से परेशान काफी संख्या में मरीज अस्पताल पहुंच रहे हैं। एमआरआई के बाद रिपोर्ट के आधार पर मरीजों को ऑपरेशन की सलाह दी जाती थी। लेकिन ऑपरेशन कराने से लोग कतराते थे और दर्द को ढोते रहते थे। जिसके बाद न्यूरो सर्जरी विभाग ने इस विधि से इलाज करना शुरू किया। इस विधि से ऑपरेशन करने के लिए मरीज को अस्पताल में एक दिन से अधिक नहीं रहना पड़ता और न ही मरीज को बेहोश किया जाता है। जिस जगह से ओजोन को इंजेक्शन से डालना होता है उस जगह को सुन्न किया जाता है। अभी तक अस्पताल में लगभग 50 मरीजों का इलाज इससे किया गया है, जिसमें से 30 को लाभ मिला है।












Click it and Unblock the Notifications