दिल्ली में कोहरे का कहर, दर्जन भर फ्लाइटें और चार दर्जन ट्रेनें लेट

हालांकि सुबह साढ़े आठ बजे के आसपास दृश्यता सीमा कम होने लगी थी। सूर्य देवता भी दिल्ली पर कुछ मेहरबान हुए और नमी में थोड़ी गर्मी पैदा करने के लिए दृष्यमान हो उठे। दिन में खुशनुमा ठंड है पर शाम होते ही दिल्ली एक बार फिर कोहरे की चादर से ढक जाएगी।
सूत्रों ने बताया कि कोहरे के कारण उड़ानों पर असर पड़ा है। विमानों के टेक ऑफ और लैंडिंग में दिक्कत आ रही है। इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर मंगलवार सुबह कोहरे की झीनी चादर रही, जिससे उड़ानों की आवाजाही पर असर पड़ा। हालांकि हवाई अड्डे के एक अधिकारी ने बताया कि कुछ उड़ानों में विलंब हुआ और ऐसा इसलिए किया गया क्योंकि उन उड़ानों के गंतव्य स्थलों पर मौसम ठीक नहीं था।
यहां से रवाना होने वाली बाकी ज्यादातर उड़ानें अपने निर्धारित समय पर रवाना हुईं। लखनऊ, पोर्ट ब्लेयर, कोलकाता, पटना, चंडीगढ़ जैसे शहरों में मौसम खराब होने के कारण वहां जाने वाले विमान देर से रवाना हुए। अन्य दो रनवे पर दृश्यता सीमा कम होने के कारण अधिकारियों को कम दृश्यता प्रक्रियाएं अपनानी पड़ीं।
मौसम विभाग का कहना है कि यह कोहरे से अस्थाई राहत है क्योंकि पश्चिमी विक्षोभ इलाके से गुजर रहा है, जिसकी वजह से शहर में दिन में पुरवा और रात में पछुआ हवाएं चलीं। हवाई अड्डे पर कल घने कोहरे के कारण 50 से अधिक उड़ानें देर से रवाना हुईं, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
तापमान में गिरावट
सोमवार को दिल्ली के अधिकतम व न्यूनतम तापमान में सामान्य से एक तथा तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट देखने को मिली। मौसम विभाग के निदेशक बीपी यादव के मुताबिक मौसम का यह मिजाज बृहस्पतिवार तक कायम रहेगा। हालांकि इस दौरान तापमान में ज्यादा गिरावट नहीं आएगी। अधिकतम तापमान 22-23 तथा न्यूनतम तापमान 6 से आठ डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।
सोमवार को राजधानी का अधिकतम तापमान 21.9 तथा न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिल्ली का न्यूनतम तापमान पूसा इलाके में 2.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार राजधानी में अब पूर्व की हवा का असर दिख रहा है जिसमें नमी ज्यादा होती है। उनका कहना है कि कोहरे का ऐसा ही रूप अगले तीन दिन तक देखने को मिलेगा। मगर तापमान में ज्यादा उतार-चढ़ाव नहीं होगा।
कोहरे ने सुबह स्कूली बच्चों को खासा परेशान किया और वे ठंड के कारण सड़कों पर कांपते नजर आए। वाहन चालकों को भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। सुबह दफ्तर जाने वाले लोग कोहरे के कारण समय पर नहीं पहुंच पाए। दोपहर को सूरज के निकलने से कोहरे में कुछ कमी आ गई। लेकिन सूरज से बहुत अधिक गर्मी लोगों को नहीं महसूस हुई। शाम ढलते ही कोहरे ने फिर से असर दिखाना शुरू कर दिया।
ट्रेनें भी लेट
घने कोहरे की वजह से मेल-एक्सपे्रस अलावा लोकल ट्रेन में सफर करने वाले यात्रियों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। एक तरफ मेल एक्सप्रेस ट्रेन से जाने वाले यात्री रात की जगह सुबह पहुंच रहे हैं तो दूसरी ओर लोकल ट्रेनें रद होने से यात्रियों की परेशानी और बढ़ गई है। सोमवार को दिल्ली-पानीपत तथा दिल्ली-रेवाड़ी ट्रेनें रद कर दी गई। इस कारण यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। सड़कों पर वाहन रेंग रहे थे और ट्रेनें रद थीं। इस कारण इनकी परेशानी और बढ़ गई। ट्रेनों की स्थिति जानने के लिए लोग पूछताछ नंबर 139 पर फोन तो कर रहे थे, लेकिन वह काम नहीं कर रहा था।












Click it and Unblock the Notifications