अन्ना की नजरों के सामने संसद में पेश होगा लोकपाल बिल

टीम अन्ना के अनुसार अन्ना हजारे रविवार की शाम या फिर सोमवार की सुबह दिल्ली पहुंच सकते हैं। जिसके बाद वे संसद की दर्शक दीर्घा में पहुंचेंगे। जहां लोकपाल बिल पर चर्चा होने की उम्मीद है। इस दौरान अन्ना हजारे लोकपाल बिल की शर्तों को सुनेंगे।
लोकपाल बिल पर चर्चा करने के लिए रविवार को कैबिनेट की अहम बैठक होनी है। जिसमें अन्ना हजारे की टीम और विरोधी पार्टियों की शर्तों के बारे में चर्चा की जा सकती है। सरकार ने शीतकालीन सत्र में ही लोकपाल बिल को पेश करने के लिए यह कैबिनेट बैठक बुलाई है। सरकार के इस फैसले से अन्ना हजारे भी संतुष्ट नजर आ रहे हैं।
अब देखना है कि सरकार संसद में जो लोकपाल बिल पेश करती है उसमें अन्ना हजारे की किन-किन शर्तों को शामिल किया जाता है। वैसे अन्ना हजारे और सरकार के बीच इस समय सीबीआई, प्रधानमंत्री और ग्रुप सी व ग्रुप डी के कर्मचारियों को लेकर सबसे ज्यादा मतभेद हैं।
टीम अन्ना पहले ही कह चुकी है कि अगर सरकार उनकी कुछ शर्तें मान लेती है तो 27 दिसंबर को अनशन की जगह देश में जश्न भी हो सकता है। पिछले कुछ दिनों में सरकार ने लोकपाल बिल पर संजीदगी दिखाई है। जिसकी वजह से संसद की कार्रवाई एक दिन के लिए बढ़ाने की भी बात कही जा रही है। अब देखना है कि सरकार लोकपाल बिल पेश करके अन्ना के अनशन पर ब्रेक लगा पाती है या नहीं।












Click it and Unblock the Notifications