इंडियन मुजाहिद्दीन के 6 आतंकियों को 10 दिन की पुलिस रिमांड

स्पेशल सेल के सूत्रों ने बताया कि इन लोगों ने बिहार और चेन्नई में कुछ और हथियारों की फैक्टरी बनाई थी, जिनका पता लगाया जाएगा। तीस हजारी कोर्ट में बेहद कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच स्पेशल सेल मो. कतील सिद्दीकी, गोहर अजीज खुमानी, अहमद जमाली, पाकिस्तानी नागरिक मो. अदील, मो. इरशाद खान और अब्दुल रहमान को लेकर अदालत पहुंची। सभी आतंकियों को मुख्य महानगर दंडाधिकारी के चेंबर में एक-एक कर पेश किया गया। चेंबर में कैमरे की निगरानी में सुनवाई चली।
सूत्रों के अनुसार, पुलिस का तर्क था कि वह आतंकी संगठन आईएम की इस पूरी कड़ी को अपनी पकड़ में लेना चाहती है। वह इन लोगों की निशानदेही पर बिहार, कर्नाटक और तमिलनाडु में छापेमारी करना चाहती है। यहां इनके कुछ और साथियों के छिपे होने की सूचना है। हालांकि इन लोगों का दिल्ली हाईकोर्ट ब्लास्ट में कोई रोल होने की बात सामने नहीं आई है। इससे पहले दो दिसंबर को तीस हजारी की महानगर दंडाधिकारी किरण गुप्ता की कोर्ट में दो आतंकियों कतील और गोहर को तीन दिन की रिमांड में भेजा गया था।












Click it and Unblock the Notifications