खुदरा व्यवसाय में लगने नहीं देंगे विदेशी पूंजी: भाजपा

भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता विजय बहादुर पाठक ने कहा कि व्यापक स्तर पर इसका विरोध किया जायेगा। एक से 15 दिसम्बर तक पार्टी की प्रत्येक विधानसभा में होने वाली सभाओं में भी इस मामले को पुरजोर ढंग से उठाया जाएगा। इन 15 दिनों में 2156 सभायें आयोजित की जाएंगी। इन सभाओं के माध्यम से जनता को बताया जाएगा कि खुदरा व्यवसाय में विदेशी पूंजी निवेश के जरिए केन्द्र सरकार अमरीकी कम्पनी वालमार्ट को देश में स्थापित कराना चाहती है। श्री पाठक ने कहा कि भाजपा मानती है कि विदेशी पूंजी निवेश से देश के करीब छह करोड़ खुदरा व्यवसायी प्रभावित होंगे।
उन्होंने बताया कि संसद में वाणिज्य कर की स्थायी समिति ने इस क्षेत्र में विदेशी पूंजी निवेश पर असहमति जतायी थी। समिति का मानना है कि इससे छह करोड़ लोगों की रोजी रोटी पर कुठाराघात होगा। उन्होंने बताया कि 2009 में भी इसी तरह का मामला आया था जिसे समिति ने मानने से इन्कार कर दिया था। उन्होंने दावा किया कि सरकारी व विदेशी निवेश के नहीं होने के बावजूद इस समय देश में खुदरा व्यवसाय करीब 280 बिलियन डॉलर तक पहुंच गया है।
भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि खुदरा व्यवसायिक क्षेत्र में विदेशी पूंजी निवेश से रोजगार घटेगा। कीमतों में कुछ खास कंपनियों का एकाधिकार होगा। पहले ही कम्पनियां सस्ता माल देंगी और बाद में महंगा हो जाएगा। उनका दावा है कि कनाडा में वालमार्ट कम्पनी ने ऐसा ही किया है। उन्होंने आशंका जतायी कि खुदरा व्यवसाय में अपने देश के सामान को बाजार से बाहर होने का खतरा बना रहेगा।












Click it and Unblock the Notifications