'यूपी वालों को मुंबई में धमकाती है शिवसेना'

राहुल गांधी ने कहा कि यूपी के लोग जब काम के सिलसिले में मुम्बई जाते हैं तो उनके साथ सौतेला व्यवहार किया जाता है। मुंबई में शिवसेना वाले यूपी से लोगों को धमकाते हैं और उन पर वापस जाने का दबाव बनाते हैं। वहीं उनके निशाने पर प्रदेश की बसपा सरकार भी रही है। यहां जननी सुरक्षा योजना सहित कई योजनाओं की खामियों को राहुल ने उजागर किया। राहुल गांधी ने कहा कि उत्तर प्रदेश एक ऐसा राज्य है जहां जननी सुरक्षा योजना में चेक लेने के लिए भी रिश्वत देनी पड़ती है।
उन्होंने कहा कि दिल्ली से भिजवाई गयी खाद किसानों को कालाबाजारी में दी जाती है और नेपाल तस्करी कर दी जाती है। उन्होंने कहा कि किसानों को कर्ज माफी के लिए 60 हजार करोड़ रुपये दिये गये थे, उसका इस सरकार ने क्या किया पता नहीं है। उन्होंने मायावती सरकार पर आरोप लगाया कि बुन्देलखण्ड के लिए दिया गया तीन हजार करोड़ रपये का पैकेज वहां के लोगों तक पहुंचा ही नहीं और राज्य सरकार उसे हजम कर गयी।
राहुल ने कहा कि अब सरकार की असलियत सामने आ चुकी है इसीलिए इस बार बैंको में खाते खुलवाकर बुनकरों का पैकेज उन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस जनता के पास कांग्रेस के सिवाय कोई विकल्प नहीं है। समाजवादी पार्टी जो कि जनता से वादे कर रही है उसके मुखिया मुलायम सिंह यादव ने तो जनता की भावनाओं को दरकिनार करके कल्याण सिंह से हाथ मिला लिया था। उन्होंने कहा कि किसानों के हितों की बात करने वाली सपा उस समय कहां थी जब टप्पल एवं भट्टा पारसौल में किसानों के साथ ज्यादती हुई थी। सपा के नेता वहां गये तक नहीं जबकि कांग्रेस ने किसानों का साथ दिया। श्री गांधी ने कहा कि सपा और बसपा केवल दस प्रतिशत लोगों के बारे में सोचती है जबकि कांग्रेस सरकार बनने पर सभी लोगों को समान रूप से लाभ पहुंचायेगी।












Click it and Unblock the Notifications