यूपी में सत्ता की भूख से छटपटा रही है भाजपा

इन दिनों पूरे यूपी में स्वाभिमान यात्राएं चरम पर हैं। इन यात्राओं में भाजपा के वरिष्ठ नेता प्रचार में जुटे हैं ऐसे में कोई भी नेता किसी भी मुद्दे को छोड़ना नहीं चाहता। अपनी यात्राओं के जरिये भाजपा ने कांग्रेस, समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी को हर समस्याओं के लिये जिम्मेदार ठहराया और जनता को भरोसा दिलाने की कोशिश की भाजपा के सत्ता में आने पर सब ठीक हो जायेगा। बात जब राज्य के बंटवारे की आयी तो भी राजनाथ पीछे नहीं रहे। उन्होंने कहा कि यह मायावती का पॉलिटिकल स्टंट है। जल्दबाजी में किये गये बंटवारे से यूपी बर्बाद हो सकता है। लिहाजा बेहतर होगा कि राज्य की भौगोलिक स्थिति देखकर ही बंटवारा किया जाये। इसमें जल्दबाजी ठीक नहीं।
राजनाथ ने कांग्रेस नेतृत्व पर भ्रष्टाचारियों को संरक्षण देने का आरोप लगाया और कहा कि पार्टी की सरकार बनी तो भ्रष्टाचारी जेल में होंगे। उन्होंने कहा कि मायावती और मुलायम सिह यादव के मुख्यमंत्रित्वकाल में भ्रष्टाचार की सीमाएं टूट गयीं। कांग्रेस को भ्रष्टाचार की जननी बताते हुए भाजपा नेता ने कहा कि घोटाले पर घोटाले हो रहे हैं। सरकार अपने मंत्रियों को बचाने में लगी हुई है।
सपा अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव और मुख्यमंत्री मायावती के खिलाफ आय से अधिक स पत्ति मामले की जांच केन्द्रीय जांच ब्यूरो कर रही है। इस जांच पर प्रश्नचिन्ह लगाते हुए उन्होंने कहा कि सीबीआई चूंकि केन्द्र के अधीन होती है इसलिए इन दोनों को जेल भेजने का भय दिखाकर कांग्रेस इनसे समर्थन लिए हुए है। इन दोनों के मुख्यमंत्रित्वकाल में हुए भ्रष्टाचार पर पर्दा डालने के लिए कांग्रेस नेतृत्व इन्हे लगातार संरक्षण दे रही है। प्रदेश की बदहाल स्थिति के लिए सपा व बसपा को दोषी करार देते हुए राजनाथ ने कहा कि कमीशनखोरी और पुलिसिया जुल्म लगातार बढ़ रहा है।
चुनावी सरगर्मी में भाजपा नेता किसानों के हितों के भी खूब वादे कर रहे हैं। भाजपा ने किसानों से वादा किया है कि यदि उनकी सरकार बनी तो किसानों को एक प्रतिशत ब्याज दर पर ऋण गरीब ग्रामीणों व शहरियों को सहायता के साथ ही बिचौलियों की भूमिका समाप्त कर दी जायेगी। वहीं भाजपा नेता बराबर यह भी दोहरा रहे हें कि कि पार्टी अपने पुराने वायदों पर आज भी कायम है। राम मंदिर निर्माण से किसी प्रकार के समझौते का सवाल ही नहीं उठता।












Click it and Unblock the Notifications