घर की मालकिन महिला, असुरक्षित महिलाएं: स्मृति ईरानी
कानपुर। प्रदेश में महिलाओं पर बढ़ रहे अत्याचार के लिये उत्तर प्रदेश सरकार को दोषी ठहराते हुये भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की अध्यक्ष स्मृति ईरानी ने कहा कि जिस राज्य की मुख्यमंत्री एक महिला हो वहां महिलाओं और बच्चियों पर अत्याचार होना बडे़ ही शर्म की बात है। महिला मुख्यमंत्री के होते हुए भी उत्तर प्रदेश्ा में महिलाएं असुरक्षित है।
केन्द्र की यूपीए सरकार पर निशाना साधते हुये उन्होंने कहा कि पूरे देश को मंहगाई की आग में झोकने वाली केन्द्र की यूपीए सरकार अब टीम अन्ना पर अनैतिक दबाव बनाकर उन्हें विवश कर रही है कि टीम अन्ना भाजपा की खिलाफत करें और बयानबाजी करें। ईरानी कल शाम कानपुर में पार्टी की महिला कार्यकर्ताओं से मिलने आयी थी।
बाद में उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि प्रदेश में महिला मुख्यमंत्री होने के बाद भी जिस तरह से महिलाओं पर अत्याचार बढ़ा है वह अत्यंत शर्मनाक है। उन्होंने कहा कि इसी के मद्देनजर अब भाजपा महिला कार्यकर्ता जल्द ही गांव, ब्लाक और जिला स्तर पर महिला न्याय चौपाल लगायें और महिला उत्पीड़न के मामलों का पुरजोर विरोध करें। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पेट्रोलियम पदार्थो के दामों का विरोध तो कर रही है लेकिन यह मात्र दिखावा है।












Click it and Unblock the Notifications