दिल्ली: जहर दिया या खाया, मां और दो बेटियों की मौत

पुलिस के अनुसार, मूल रूप से जेपीनगर के गांव सरखड़ी निवासी राकेश उपाध्याय पत्नी सुनीता (45) और बेटियों प्रीति (24) व प्रेरणा (18) के साथ कविनगर थाना क्षेत्र में संजयनगर जे-401 में रहता है। राकेश भूषण स्टील लिमिटेड कंपनी में इलेक्ट्रिकल इंजीनियर हैं। राकेश ने बताया कि उसने आखिरी बार रात एक बजे अपनी दोनों बेटियों प्रीति और प्रेरणा को पढ़ते हुए देखा था। उस समय पत्नी सो रही थी। सब-कुछ ठीक था। फिर उसकी आंख सुबह 5 बजे उस समय खुली, जब पत्नी और बड़ी बेटी बेसुध पड़ी थीं।
जबकि छोटी बेटी पे्ररणा उलटी कर रही थी। पत्नी और बच्चों की हालत देखकर उसके हाथ-पांव फूल गए। छोटी बेटी भी सिर्फ इतना ही कह पाई कि 'पेट में बहुत दर्द हो रहा है, पापा हमें बचाओ"। उसने बताया कि आनन-फानन में कुछ पड़ोसियों की मदद से वह तीनों को लेकर सर्वोदय अस्पताल पहुंचा, जहां उनकी मौत हो गई। आसपास के लोगों का भी यही कहना है कि राकेश और उसका परिवार पूरे मोहल्ले में मिलनसार रहता था। प्रीति ने जहां पीसीएस प्री. परीक्षा पास की थी। वहीं प्रेरणा ने 80 प्रतिशत अंकों के साथ इंटर परीक्षा पास करके इसी वर्ष राम चमेली चड्ढा गर्ल्स कॉलेज में बीएससी की पढ़ाई शुरू की थी। राकेश के इकलौते बेटे रोहित की आठ साल पूर्व मौत हो गई थी।
पड़ोसियों ने बताया कि उस दिन रोहित घर में अकेला था। वह साइकिल पर स्टंट दिखाने वालों की नकल करने के चक्कर में गले में फंदा लगा बैठा। फंदा कस जाने के कारण उसकी मौत हो गई थी। उसके बाद से पूरा परिवार सदमे चला गया था। संदिग्ध परिस्थितियों में हुई तीन-तीन मौत के मामले में पुलिस विभिन्न कोण से जांच में जुट गई है। जहर कौन सा था, यह जानने के लिए पुलिस ने घर में बचे खाने को कब्जे में लेकर उसे जांच के लिए भेजा है। इसके अलावा पुलिस यह भी पता लगा रही है अगर यह मामला आत्महत्या का है तो इसकी वजह क्या थी। कहीं राकेश और सुनीता के बीच कोई विवाद तो नहीं हुआ था।
राकेश का कहना है कि रात को घर पर हरी मिर्च की चटनी और आलू-बैंगन की सब्जी बनी थी। पहले उसने खाना खाया था। करीब आधा घंटे बाद उसकी पत्नी और बेटियों ने भी वही खाना खाया। सुनीता का लिखा एक सुसाइड नोट पुलिस को मिला है। इसमें उसने खुद को और बेटियों को जहर देने की बात लिखी है। हालांकि पुलिस इस सुसाइड नोट के जांच की बात कर रही है। पति राकेश की मानें तो घर में किसी प्रकार की कोई टेंशन नहीं थी। बेटी की कामयाबी और अब उसका रिश्ता तय हो जाने के बाद से पूरा परिवार खुश था। इसके अलावा यह बात भी सही है कि रात एक बजे तक सभी कुछ ठीक था। ऐसे में तीनों ने जहर कब और क्यों खाया कुछ पता नहीं।
एसएसपी रघुबीर लाल ने बताया कि शाम को मिला सुसाइड नोट सुनीता की ओर से लिखा गया है। इसमें जहर खाकर जान देने की बात लिखी है। सुसाइड नोट की राइटिंग की जांच एक्सपर्ट से कराई जाएगी। सूंत्रों के मुताबिक रात में पति और पत्नी में किसी बात पर काफी तकरार हुई थी। पुलिस इस पर भी जांच कर रही है।
मदद बस एक कॉल दूर
पहचान पूर्णतः गोपनीय , पेशेवर परामर्श सेवा
iCALL मेंटल हेल्पलाइन नंबर: 9152987821
सोम - शनि: सुबह 10 बजे - शाम 8 बजे












Click it and Unblock the Notifications