भाजपा के दूसरे चरण की यात्रा में होंगे दिग्गज नेता

पिछली 21 अक्टूबर को समाप्त हुए प्रथम चरण की यात्रा की सफलता को उम्मीद के मुताबिक न मानते हुए भाजपा ने दूसरे चरण में कुछ नया करने की योजना बनायी है। पार्टी दूसरे चरण की यात्राओं को हर हाल में सफल बनाना चाहती है और इसके लिए पार्टी के दिग्गजों समेत कई मुख्यमंत्रियों को उत्तर प्रदेश आकर पार्टी के लिए वोट मांगने का न्यौता दिया गया है।
आगामी नौ नवम्बर से शुरू हो रही द्वितीय चरण की यात्रा 17 नवम्बर को अयोध्या में समाप्त होगी। पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राजनाथ सिंह और उपाध्यक्ष कलराज मिश्र के नेतृत्व में निकलने वाली दो अलग अलग स्वाभिमान यात्राओं में पार्टी के वरिष्ठ नेता वेंकैया नायडू, लोकसभा में विपक्ष की नेता सुषमा स्वराज, राज्यसभा में नेता विपक्ष अरूण जेटली, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री भुवन चन्द्र खंडूरी, छत्तीसगढ के मुख्यमंत्री रमन सिंह और बिहार के उप मुख्यमंत्री भी यात्रा के दौरान होने वाली जनसभाओं को सम्बोधित करेंगे।
पार्टी के वरिष्ठ नेता समय-समय पर यात्रा में शामिल होंगे और रास्ते में होने वाली जन सभाओं में लोगों को सम्बोधित कर पार्टी नीतियों को उजागर करेंगे। पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता विजय बहादुर पाठक के अनुसार इन नेताओं के अलावा यात्रा में हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल, झारखंड के मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा भी हिस्सा लेंगे। इसके अतिरिक्त पार्टी ने चुनाव प्रचार में फिल्मी अभिनेता व अभिनेत्री का भी सहारा ले लिया है। यात्रा के दौरान छोटे पर्दे की नायिका तथा भाजपा महिला मोर्चे की अध्यक्ष स्मृति ईरानी भी यात्रा में शामिल होंगी। इसके अतिरिक्त यात्राओं में अपने जमाने के मशहूर फिल्म स्टार रहे सांसद शत्रुघ्न सिन्हा और मशहूर अभिनेत्री व सांसद हेमामालिनी भी शामिल होंगी।












Click it and Unblock the Notifications