सैफ अली खान आज बनेंगे बड़े नवाब

दिल्ली के करीब गुड़गांव जिले में स्थित इस पटौदी रियासत के अगले उत्ताराधिकारी को पगड़ी बांधने के कार्यक्रम के लिए पटौदी महल में तैयारियां पूरी हो गई हैं। मंसूर अलीपटौदी की बेगम शर्मिला टैगोर महल में पहुंच चुकी हैं। इब्राहिम पैलेस में कार्यक्रम को लेकर शामियाने आदि तैयारियां चल रही हैं।
गौरतलब है कि मंसूर अली खान का निधन 22 सितंबर को दिल्ली में फेफड़ों की बीमारी के चलते हो गया था। 23 सितंबर को इब्राहिम पैलेस में उनकी अम्मी व अब्बा की कब्र के निकट उन्हें सुपुर्दे-खाक किया गया था। इस दौरान वीआईपी लोगों के लिए अलग द्वार बनाया गया है। बावनी के लोगों को दूसरे द्वार से प्रवेश कराया जाएगा। राज्य के सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा के कार्यक्रम के चलते कस्बे में भारी संख्या में पुलिस तैनात है। स्कूल में बनाए गए हेलीपेड से लेकर महल परिसर तक पुलिस ही पुलिस नजर आ रही है।
कार्यक्रम में मुस्लिम समुदाय के लोग नवाब की कब्र के निकट बैठकर फातिहा पढ़ उनके जन्नतनशीं होने की कामना करेंगे। हिंदू समुदाय के लोग उनकी कब्र पर फूल चढ़ाकर श्रद्धांजलि देंगे। आयोजन में नवाब परिवार के रिश्तेदारो तथा करीबी मित्रों के अतिरिक्त पूर्व रियासत पटौदी के सभी बावन गांवों के लोगों को आमंत्रित किया गया है। रस्म के बाद अल्लानाम भोज होगा। महरूम नवाब की कब्र के आसपास सफाई करा दी गई है। स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि सैफ अली खान अब्बा की स्मृति में पटौदी के लिए कोई बड़ी घोषणा कर सकते हैं। मंसूर अली खान पटौदी के चालीसवें के दौरान पटौदी महल में वीआईपी का जमावड़ा होगा। इस दौरान फिल्म जगत की जानी-मानी हस्तियों के साथ तमाम केटरों के पहुंचने की उम्मीद है।
सैफ दिल्ली पहुंच चुके हैं। सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा सुबह पौने नौ बजे हेलीकाप्टर से पहुंचेंगे। करीब पौने एक बजे वे दिल्ली जाएंगे। डीसीपी साउथ महेश्वर दयाल की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। वीआईपी की सुरक्षा के लिए पुलिस कमिश्नर व संयुक्त पुलिस कमिश्नर दोनों मौजूद रहेंगे। सुरक्षा को देखते हुए वीआई पार्किंग के साथ अलग-अलग स्थानों पर लोगों के बैठने का इंतजाम किया गया है। महल के भीतर तीन हेलीपैड बनाए गए हैं। माना जा रहा है कि अन्य हेलीपैड पर फिल्मी जगत से जुड़ी हस्तियां पहुंच सकती हैं।












Click it and Unblock the Notifications