डीयू से प्लेसमेंट पाने का आज आखिरी मौका

डीयू में सीपीसी की ओर से चलाई जा रही रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया पहले 15 अक्तूबर को समाप्त होनी थी, लेकिन छात्रों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सीपीसी ने इस समयावधि को 15 दिन और आगे बढ़ाते हुए इसे 31 अक्तूबर कर दिया। इसके तहत सोमवार को रजिस्ट्रेशन का आखिरी दिन होगा। इसके बाद किसी भी छात्र का रजिस्ट्रेशन मान्य नहीं होगा। रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया संपन्न होते ही रजिस्टर्ड छात्रों को इसकी सूचना दी जाएगी।
इसके बाद प्लेसमेंट सेशन की तैयारियां की जाएंगी। प्लेसमेंट सेशन में सिर्फ वही छात्र शामिल हो सकेंगे जिन्होंने सीपीसी में प्लेसमेंट के लिए पहले से रजिस्ट्रेशन कराया होगा। डीयू के डिप्टी डीन स्टूडेंट वेलफेयर और सीपीसी प्रमुख डा. गुलशन साहनी ने बताया कि इस साल अभी तक साढ़े उन्नीस हजार छात्र-छात्राएं प्लेसमेंट के लिए रजिस्ट्रेशन करा चुके हैं। अभी प्रक्रिया में आज यानी सोमवार को आखिरी दिन होगा। यह आंकड़ा 21 हजार तक पहुंच सकता है।
सोमवार को रजिस्ट्रेशन पूरी तरह बंद कर दिए जाएंगे। पिछले साल की बात की जाए तो साढ़े ग्यारह हजार छात्र-छात्राओं ने प्लेसमेंट के लिए रजिस्ट्रेशन कराया था। इस लिहाज से सीपीसी में रजिस्टर्ड छात्रों की संख्या पिछले साल के मुकाबले करीब दोगुनी होगी। रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया संपन्न होते ही प्लेसमेंट सेशन की तैयारियां शुरू हो जाएंगी। गौरतलब है प्लेसमेंट के लिहाज से देश में डीयू की स्थिति अच्छी रही है। इसलिए डीयू में दाखिला के लिए हर साल जबरदस्त मारामारी रहती है।












Click it and Unblock the Notifications