माया सरकार को उखाडऩे तक चलेगा क्रांति रथ: अखिलेश

श्री यादव ने यात्रा के पांचवें चरण में तीसरी बार साइकिल यात्रा नोएडा से आगरा तक पूरी की। उन्होंने कहा कि सपा ने साइकिल यात्राएं कर प्रदेश सरकार के खिलाफ जो अभियान छेड़ा है वह तब तक चलता रहेगा जब तक की मायावती सरकार विदा नहीं हो जाती। उन्होंने कहा कि सपा में इस सरकार के खिलाफ आग है वह तभी थमेगी जब मायावती सरकार को बेदखल कर लेंगे।
अखिलेश यादव ने कहा कि इस सरकार ने समाज के हर वर्ग को पीडि़त किया है। प्रदेश में कमीशबाजी का खुला खेल चल रहा है। स्थिति यह है कि बिना कमीशन लिए कोई निर्माण कार्य नहीं हो रहा है। अखिलेश यादव ने इलाहाबाद हाईकोर्ट द्वारा नोएडा के किसानों की कृषि भूमि के जबरन भूमि अधिग्रहण को रद्द करने का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि न्यायालय ने तो किसानों को राहत दे दी लेकिन सरकार अभी भी उनके पीछे पड़ी है। सपा नेता ने कहा कि इससे साफ है कि यह सरकार अपने निजी फायदे के लिए बड़े बिल्डरों को फायदा पहुंचा रही है।
उन्होंने कहा कि सपा सरकार में कन्या विद्याधन योजना, बेरोजगारी भत्ता सहित कई सुविधाएं शुरू की गयी थी जिसे इस सरकार ने बन्द कर दिया। उन्होंने एलान किया कि सपा की सरकार बनने पर कन्या विद्याधन और बेरोजगारी भत्ते की राशि दोगुना कर दी जायेगी। वहीं मुस्लिम वोट बैंकों पर निगाह रखते हुए उन्होंने मुसलमानों को भरोसा दिलाया कि सपा की सरकार में मुसलमानों के हितों के कई फैसले लिये जायेंगे, उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान किया जायेगा।












Click it and Unblock the Notifications