दिल्ली में 15 रुपये में मिलेगी 3 साल तक चलने वाली सीएफएल

बिजली कंपनी नार्थ दिल्ली पावर लिमिटेड (एनडीपीएल) यह सीएफएल उपल्बध कराएगी। बीईई की बचत लैंप योजना के तहत हर बिजली कनेक्शन धारक को अधिकतम चार सीएफएल बल्ब उपलब्ध कराए जाएंगे। एनडीपीएल उपभोक्ताओं में 22 लाख सीएफएल वितरित करेगा। अनुमान के मुताबिक सीएफएल बल्ब के उपयोग से एनडीपीएल इलाकों में अधिकतम 65 मेगावाट बिजली की बचत हो सकेगी। दिल्ली सचिवालय में आयोजित एक कार्यक्रम में इसकी घोषणा की गई। इस अवसर पर मुख्यमंत्री शीला दीक्षित, क्रिकेटर युवराज सिंह मौजूद थे।
योजना के तहत एनडीपीएल उपभोक्ताओं को पुराने और बिजली की ज्यादा खपत करने वाले परंपरागत बल्बों के बदले सीएफएल देगी। प्रत्येक परंपरागत बल्ब और 15 रुपये देने पर एक सीएफएल बल्ब दिया जाएगा। एक उपभोक्ता को चार से अधिक सीएफएल नहीं दिए जाएंगे। केवल 60 वॉट और 100 वॉट के बल्बों के स्थान पर 11 से 14 और 18 से 20 वॉट के सीएफएल उपलब्ध कराए जाएंगे। परियोजना सी-क्वैस्ट कैपिटल की वित्तीय मदद से की जा रही है और सी-क्वैस्ट कार्बन क्रेडिट की बिक्री करके राजस्व अर्जित करेगा। सीएफएल वितरण की जिम्मेदारी युवराज सिंह फाउंडेशन संभालेगी। एनडीपीएल और सी-क्वैस्ट कैपिटल एनडीपीएल के क्षेत्र में लगभग 22 लाख सीएफएल वितरित करेगी। सीएफएल बल्ब लगभग दस हजार घंटे चलेंगे। आमतौर पर सीएफएल छह हजार घंटे चलते हैं।












Click it and Unblock the Notifications