अन्ना के प्रधान और राहुल के बीच की कड़ी बने पीसी थॉमस

सूत्रों ने बताया कि अन्ना के गांव के प्रधान के साथ राहुल गांधी की मुलाकात की पटकथा केरल की मुवत्तुपुझा लोकसभा सीट से सांसद पीसी थॉमस ने लिखी है उन्हीं के पहल पर यह मुलाकात हो रही है और संभवतः अन्ना हजारे ने भी अपने प्रधान को इस मुलाकात के लिए मौन स्वीकृति दे दी है। यानी कांग्रेस महासचिव राहुल गांधी से मिलने के लिए अन्ना हजारे के गांव के सरपंच जयसिंगराव सदाशिव मापारी रालेगणसिद्धि से आज निकल चुके हैं और उनकी मंगलवार को सुबह नौ बजे मुलाकात सोनिया गांधी के निवास 10 जनपथ पर होगी।
सूत्रों ने बताया कि इस मुकाकात के दौरान राहुल गांधी जयसिंगराव के माध्यम से अन्ना के एजेंडे से सहमति जताते हुए शीतकालीन सत्र में जनलोकपाल बिल को पारित कराने का वादा कर सकते हैं। जिससे पांच राज्यों में होने वाले चुनाव को अन्ना से होने वाले नुकसान से बचाया जा सके। बताया जा रहा है कि इस मुलाकात की पटकथा पीजे थामस ने 2 सितंबर से ही लिखनी शुरू कर दी थी पर अब जाकर यह एक नया रूप ले सका है।
सूत्रों ने बताया कि पीजे थामस काफी दिनों तक अन्ना के गांव में ही इसके लिए डेरा डाले हुए थे पर उन्हें यह नहीं समझ में आ रहा था कि किस व्यक्ति को अन्ना अपना सबसे ज्यादा विश्वसनीय मानते हैं या उनकी बात को वह नहीं टाल सकते। अंत ने थामस ने निष्कर्ष निकाला कि इसके लिए गांव के सरपंच जयसिंगराव सबसे मुफिद व्यक्ति हैं क्योंकि जयसिंगराव के पिता सदाशिव राव मापारी इस गांव के 10 साल तक प्रधान रह चुके हैं और उन्हीं के जमाने में अन्ना ने गांव में विकास की नींव रखी थी।
इसलिए अन्ना और मापारी परिवार दोनों लोग एक दूसरे की इज्जत करते हैं इसलिए अन्ना को मनाने की जिम्मेदारी थामस ने जयसिंगराव को सौंपी और उनसे यह भरोसा लेने में कामयाब रहे कि वह राहुल गांधी से मिले और राहुल गांधी को अपने गांव आने का आमंत्रण दें। इसी कड़ी में सदाशिव राव अपने एक सहयोगी रामराव उगले के साथ राहुल गांधी से मिलने के लिए मंगलवार को सुबह 9:00 बजे दिल्ली पहुंच रहे हैं। अब देखना है कि यह मुलाकात कौन सा रंग दिखाती है।












Click it and Unblock the Notifications